
राम मंदिर उद्घाटन का न्योता ठुकराने पर कांग्रेस में ही घमासान, देखिए किन नेताओं ने उठाई आवाज, कौन ठहरा रहा फैसले को जायज
AajTak
राम मंदिर कार्यक्रम में शामिल ना होने पर कांग्रेस में फूट देखी जा रही है. कांग्रेस नेता मोढवाडिया, अंबरीश डेर और प्रमोद कृष्णम ने 22 जनवरी को अयोध्या नहीं जाने पर शीर्ष नेतृत्व के फैसले पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, श्री राम मंदिर का निमंत्रण ठुकराना आत्मघाती निर्णय है. गुजरात कांग्रेस नेता अर्जुन मोढवाडिया ने कहा, पार्टी को 'राजनीतिक निर्णय' लेने से बचना चाहिए था.
कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वो अयोध्या में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल नहीं होगी. इसे लेकर पार्टी में खींचतान और विरोध में आवाज उठने लगी है. गुजरात में कांग्रेस के वर्किंग प्रेसिडेंट अंबरीश डेर, विधायक अर्जुन मोढवाडिया, यूपी कांग्रेस से आचार्य प्रमोद कृष्ण जैसे नेताओं ने पार्टी के फैसले का मुखर विरोध किया है. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भगवान राम देश के लोगों के लिए आस्था और विश्वास का विषय हैं.
कांग्रेस नेता अंबरीश डेर ने एक्स पर पोस्ट किया और कहा, मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम हमारे आराध्य देव हैं इसलिए यह स्वभाविक है कि भारत भर में अनगिनत लोगों की आस्था इस नवनिर्मित मंदिर से वर्षों से जुड़ी हुई है. कांग्रेस के कुछ लोगों को उस खास तरह के बयान से दूरी बनाए रखनी चाहिए और जनभावना का दिल से सम्मान करना चाहिए. इस तरह के बयान से मेरे जैसे गुजरात कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं के लिए निराशाजनक हैं.
'कांग्रेस को ऐसे राजनीतिक निर्णय से दूर रहना चाहिए था'
इसी तरह, गुजरात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पोरबंदर से विधायक अर्जुन मोढवाडिया ने एक्स पर लिखा और कहा, भगवान श्री राम आराध्य देव हैं. यह देशवासियों की आस्था और विश्वास का विषय है. कांग्रेस को ऐसे राजनीतिक निर्णय लेने से दूर रहना चाहिए था.
'आज मेरा दिल टूट गया है...'
यूपी में कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने भी सवाल उठाए और कहा, राम मंदिर और भगवान राम सबके हैं. राम मंदिर को बीजेपी, आरएसएस, वीएचपी या बजरंग दल का मान लेना दुर्भाग्यपूर्ण है. मुझे पूरा भरोसा है कि कांग्रेस हिंदू विरोध पार्टी नहीं है. ना राम विरोधी है. कुछ लोग हैं, जिन्होंने इस तरह का फैसला करवाने में भूमिका अदा की है. ये बड़ा गंभीर विषय है. आज मेरा दिल टूट गया है. इस फैसले से करोड़ों कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का दिल टूटा है. उन कार्यकर्ताओं और नेताओं का... जिनकी आस्था भगवान राम में है. कांग्रेस वो पार्टी है, जो महात्मा गांधी के रास्ते पर चलती है. कांग्रेस वो पार्टी है, जिसके नेता राजीव गांधी ने ही इस राम मंदिर का शिलान्यास, राम मंदिर के ताले खुलवाने का काम किया. भगवान श्री राम मंदिर के निमंत्रण को स्वीकार ना करना बहुत दुखद, पीड़ादायक और कष्टदायक है.

हैदराबाद में आगामी रामनवमी शोभा यात्रा को लेकर गोशामहल के विधायक टी. राजा सिंह ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि साल 2010 से लगातार शोभा यात्रा आयोजित की जा रही है, लेकिन हर साल पुलिस की ओर से बाधाएं खड़ी की जाती हैं. उनका आरोप है कि सिदंबर बाजार, पुराना पुल और बेगम बाजार जैसे इलाकों में विशेष रूप से लाठीचार्ज के लिए टास्क फोर्स तैनात की जाती है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि हर साल उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाती है और इस बार भी पुलिस अपनी गलतियों का ठीकरा उन पर फोड़ सकती है.

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लोगों ने ईरान के समर्थन में सोना, चांदी और नकद दान किया. यह कदम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है. लोग एक जगह इकट्ठा होकर मदद के लिए आगे आए. बडगाम के विधायक मुंतज़िर मेहदी ने भी एक महीने की सैलरी दान करने की घोषणा की. यह घटना दिखाती है कि अंतरराष्ट्रीय संघर्ष का असर दूर तक हो रहा है और लोग इंसानियत के लिए साथ खड़े हो रहे हैं.

महाराष्ट्र के नासिक में खुद को धर्मगुरु बताने वाले अशोक कुमार खरात पर दुष्कर्म, शोषण, जबरन गर्भपात, ठगी और जमीन विवाद में हत्या जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. मामला एक गर्भवती महिला की शिकायत से सामने आया, जिसके बाद स्पाई कैमरे से 100 से ज्यादा वीडियो मिले. कई महिलाओं ने सालों तक शोषण का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है, जिसमें और बड़े खुलासों की आशंका है.










