
मोहम्मद आमिर की अभिषेक शर्मा पर टिप्पणी और 'कप केक' का विज्ञापन: भारत की हार के बाद पाकिस्तान में कैसी चर्चा
BBC
टी-20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ़्रीका के हाथों भारत की हार के बाद क्रिकेटिंग बिरादरी में कैसी चर्चा हो रही है और स्टार स्पोर्ट्स के किस विज्ञापन पर सोशल मीडिया में लोग जता रहे गुस्सा.
टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मैच में दक्षिण अफ़्रीका के हाथों टीम इंडिया की बुरी हार के बाद भारत, पाकिस्तान और दुनिया भर के क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने इस पर राय दी है.
सोशल मीडिया यूज़र्स भी इस मैच पर खुल कर चर्चा कर रहे हैं.
चर्चा हो रही है दक्षिण अफ़्रीका के शानदार परफॉर्मेंस की, भारतीय टीम के औसत प्रदर्शन की और अभिषेक शर्मा के बुरे फॉर्म की.
इस मैच से पहले स्टार स्पोर्ट्स के एक विज्ञापन की भी चर्चा है जो अब चैनल पर नहीं दिख रहा है.
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और कमेंटेटेर माइकल वॉन ने मैच के बाद एक्स पर लिखा, "दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को बुरी तरह से हराया. बैटिंग, बॉलिंग और फ़ील्डिंग तीनों चीज़ों में दक्षिण अफ़्रीका ने किया कमाल."
भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ ने दक्षिण अफ़्रीका के बॉलिंग अटैक को बेहतरीन बताया और कहा कि भारत का गेंदबाज़ी आक्रमण कमज़ोर है और उसमें कई कमियां हैं.
वहीं पूर्व गेंदबाज़ इरफ़ान पठान ने एक्स पर लिखा, "भारतीय टीम का निराशाजनक प्रदर्शन. हम बैटिंग में जो संघर्ष कर रहे हैं उसे दक्षिण अफ़्रीका के गेंदबाज़ों ने और एक्सपोज़ कर दिया. इस पूरे वर्ल्ड कप में बैटिंग लाइन अप संघर्ष करते दिख रही है."













