
'मुस्तफ़िज़ुर हमारे भाई हैं' आईपीएल से बाहर हुए मुस्तफ़िज़ुर रहमान की पाकिस्तान सुपर लीग में एंट्री
BBC
बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश दिए थे कि वो मुस्तफ़िज़ुर को टीम से रिलीज़ कर दे. उसके बाद अब लाहौर कलंदर्स ने उन्हें 6.44 करोड़ रुपये में खरीदा है
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज़ मुस्तफ़िज़ुर रहमान को पाकिस्तान सुपर लीग की टीम लाहौर कलंदर्स ने 6 करोड़ 44 लाख पाकिस्तानी रुपये में साइन किया है.
मुस्तफ़िज़ुर रहमान पहले भी 2016 और 2018 में लाहौर कलंदर्स की टीम में शामिल किए गए थे, लेकिन चोट के कारण वह खेल नहीं पाए थे.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ लाहौर कलंदर्स के मालिक सामिन राणा ने मुस्तफ़िज़ुर के जुड़ने पर कहा, ''वह हमारे भाई हैं और परिवार का अहम हिस्सा हैं. हम उन्हें फिर से अपने ड्रेसिंग रूम में पाकर बेहद खुश हैं.''
मुस्तफ़िज़ुर आईपीएल की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) में शामिल थे. केकेआर ने उन्हें 9 करोड़ 20 लाख भारतीय रुपये में खरीदा था. लेकिन इस साल उनकी टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया था.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
भारत ने बांग्लादेश पर आरोप लगाया था कि वहां हिंदू अल्पसंख्यकों की जान को ख़तरा है.
भारत में बांग्लादेश में हो रही हिंसा के विरोध में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे और आईपीएल में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को शामिल ना करने की मांग की जा रही थी.













