
पीलीभीत में युवक से हुई लूट का खुलासा, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
ABP News
Pilibhit News In Hindi: पीलीभीत पुलिस ने बीते 19 मार्च को युवक से लूट की घटना का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने लूटकांड में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पीलीभीत के थाना जहानाबाद क्षेत्र में सरेराह युवक से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है, पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से लूट की बाइक, एक कार, अवैध तमंचा, कारतूस सहित नकदी बरामद की गई है. फिलहाल पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है. वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान संजीव संजू पुत्र पूरनलाल थाना जहानाबाद निवासी ने अपने साथी नदीम, सूरज व धर्मेंद के साथ मिलकर सूनसान सड़क से गुजरने वाले व्यक्ति को निशाना बनाते थे. आरोपी पहले राहगीर का पीछा करते फिर उसे रास्ते मे रोक कर अवैध तमंचे एवं चाकू की नोक पर डरा धमका कर उससे लूट पाट की घटना को अंजाम देते थे.
पुलिस ने बताया कि आरोपी उसके बाद अपने साथी नदीम की मदद से लूट की गई बाइक एवं कारों के पार्ट्स मशीनरी निकाल कर अलग-अलग कबाड़ियों की दुकान पर बेंचने का काम करते थे. वहीं गाड़ियों पर कूटरचित नम्बर प्लेट लगाकर लोगो को बाइक बेच कर ठगी का शिकार बनाते थे.
पुलिस ने बताया कि बीते दिनों 19 मार्च को इन्ही युवकों ने थाना क्षेत्र के एक युवक को शिकार बनाया, जिसकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश कर रही थी. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है.













