
बिहार: आदर्श माध्यमिक स्कूलों के लिए 11 मार्च को प्रवेश परीक्षा, 20 Feb तक बढ़ी आवेदन की तारीख
ABP News
Bihar News: बिहार के मॉडल स्कूलों में नामांकन के लिए 11 मार्च को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी. ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि 20 फरवरी तक बढ़ाई गई है.
बिहार के आदर्श माध्यमिक विद्यालयों में नामांकन के लिए 11 मार्च को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों का मेधा सूची के आधार पर ही मॉडल सकूलों में नामांकन किया जाएगा. राज्य सरकार के आदेश पर राज्य शिक्षा शोघ एवं प्रशिक्षण परिषद ने आवेदन जमा करने की तिथि को बढ़ा दी है. अब प्रवेश परीक्षा के लिए 20 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन जमा किए जाएंगे. विदित हो कि राज्य सरकार ने सात निश्चय तीन के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बिहार के सभी 534 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय खोलने का आदेश दिया है. ताकि कक्षा 9 से ही बच्चों को इसके माध्यम से नीट, जेईई, ओलंपियाड सहित अन्य प्रतियोगिता परीक्षा की बेहतर तरीके से तैयारी कराई जा सके.
राज्य सरकार के आदेश पर शिक्षा विभाग ने सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल खोलने के साथ ही उसमें पढ़ाई प्रारंभ कराने की तैयारी शुरू कर दिया है. इन विद्यालयों में प्रवेश परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों का नामांकन मेधा सूची के आधार पर किया जाएगा.
इसके लिए राज्य शिक्षा शोघ एवं प्रशिक्षण परिषद ने पहले रविवार (15 फरवरी) तक ही आवेदन जमा करने की तिथि निर्धारित की थी. कम समय होने के कारण विद्यार्थी आवेदन करने से वंचित हो रहे थे. इसको देखते हुए राज्य सरकार के आदेश पर परिषद ने ऑनलाइन आवेदन जमा करने की तिथि को बढ़ा दिया है.
मॉडल स्कूलों के कक्षा 9 में नामांकन के लिए इच्छुक विद्यार्थी एससीआरटी पटना बिहार के वेबसाइट https.//scert-bihar-gov-in पर विजिट कर ऑनलाइन एप्लिकेशन पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.













