
पीएम मोदी के साथ गर्मजोशी, आख़िर नेतन्याहू दुनिया को क्या दिखाना चाहते हैं?
BBC
इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी को 'दोस्त से बढ़कर भाई' बताया. वहीं नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन का हवाला देकर इसराइल से अपना ख़ास रिश्ता बताया. दोनों पीएम की ये नज़दीकी आख़िर क्या संदेश देती है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय इसराइल दौरे के पहले दिन वहां की संसद कनेसेट को संबोधित किया.
बुधवार को यरुशलम पहुंचे नरेंद्र मोदी कनेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं.
प्रधानमंत्री मोदी के 2017 में इसराइल के दौरे के बाद दोनों मुल्कों के बीच नज़दीकियां बेहद तेजी से बढ़ी हैं. बुधवार को दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के संबोधन में भी इन रिश्तों की एक नई ऊंचाई की झलक मिली.
नरेंद्र मोदी की मौजूदा इसराइल यात्रा काफ़ी अलग मानी जा रही है.
इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी और इसराइल के पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू के बीच जो गर्मजोशी दिखी वो हाल के दिनों में बहुत कम राजनेताओं के बीच दिखी है.
इसराइल के साथ अपने विशेष संबंधों का ज़िक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनका जन्म 17 सितंबर, 1950 को हुआ था. इसी दिन भारत ने इसराइल को मान्यता दी थी.
उनसे पहले इसराइली संसद कनेसेट को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने पीएम मोदी को 'दोस्त से बढ़कर भाई' बताया.













