
दिल्ली के मालवीय नगर में नॉर्थ-ईस्ट की युवतियों से बदसलूकी, पुलिस ने दर्ज किया केस
ABP News
Delhi News in Hindi: मालवीय नगर में नॉर्थ-ईस्ट की दो युवतियों से दुर्व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया. पुलिस ने केस दर्ज कर एक नाबालिग हिरासत में लिया है. जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.
दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक बार फिर नॉर्थ-ईस्ट की दो युवतियों के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है. साकेत कोर्ट के पास पार्क में टहल रही दोनों लड़कियों पर कुछ युवकों ने पहले आपत्तिजनक टिप्पणी की और विरोध करने पर हमला कर दिया. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक, साउथ दिल्ली के साकेत कोर्ट के पास स्थित एक पार्क में मणिपुर की रहने वाली एक युवती अपनी दोस्त के साथ शाम के समय टहल रही थी. इसी दौरान कुछ युवकों ने उन पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं. शुरुआत में दोनों युवतियों ने इसे नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब टिप्पणियां लगातार होती रहीं तो उन्होंने इसका विरोध किया.
युवतियों के विरोध करने पर स्थिति अचानक बिगड़ गई. आरोप है कि युवकों ने गुस्से में आकर दोनों पर हमला कर दिया और उन्हें चोटें आईं. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवतियों को अस्पताल पहुंचाया.
डीसीपी ने बताया कि दोनों घायल युवतियों को इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी. अधिकारियों के मुताबिक पीड़िताओं से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है और उनकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.













