
त्रिपुरा में घुसपैठ कर रहे 4 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, कई एगंल से जांच कर रही पुलिस
AajTak
सब-इंस्पेक्टर कमलेंदु धर ने बताया कि हम घुसपैठ के पूरे मामले की तहकीकात कर रहे हैं. यह जानने की कोशिश की जा रही है कि इनका यहां आने का मकसद क्या था और इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है. गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान मोइनुद्दीन मियां, रिमोन मियां, रहीम अहमद और सुमन मियां के रूप में हुई है.
त्रिपुरा के ख्वाई जिले में बिना वैध दस्तावेजों के भारत में प्रवेश करने के आरोप में 4 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है. इसके अलावा एक भारतीय व्यक्ति को भी इन बांग्लादेशी नागरिकों की घुसपैठ में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने तेलियामुरा रेलवे स्टेशन के पास गुप्त सूचना के आधार पर इन्हें पकड़ा.
प्रारंभिक जांच में बांग्लादेशी नागरिकों ने बताया कि वे मोलवीबाजार जिले से आए थे और उत्तर त्रिपुरा के धर्मनगर में काम की तलाश में जाने के इरादे से दाखिल हुए थे. पुलिस के अनुसार चारों ने बिना वैध दस्तावेजों के भारतीय सीमा में प्रवेश किया, जिसके चलते उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान मोइनुद्दीन मियां, रिमोन मियां, रहीम अहमद और सुमन मियां के रूप में हुई है. इन चारों आरोपियों के साथ ही धर्मनगर निवासी आमिर उद्दीन को भी अरेस्ट किया गया है, जो इन बांग्लादेशी नागरिकों की भारत में अवैध घुसपैठ में मदद कर रहा था. सभी आरोपियों को शनिवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने तीन दिनों की रिमांड की मांग की. इस मामले में जांच जारी है.
सब-इंस्पेक्टर कमलेंदु धर ने बताया कि हम घुसपैठ के पूरे मामले की तहकीकात कर रहे हैं. यह जानने की कोशिश की जा रही है कि इनका यहां आने का मकसद क्या था और इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है.
बता दें कि भारत और बांग्लादेश के बीच 4,096 किलोमीटर लंबी सीमा है, जो कि दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक जुड़ाव का प्रतीक है. हालांकि, यह सीमा भारत में बांग्लादेशी घुसपैठ की समस्या का मुख्य कारण भी बन गई है.
घुसपैठ की मुख्य वजह बांग्लादेश के ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी, बेरोजगारी और संसाधनों की कमी है. इसके चलते लोग भारत में बेहतर जीवन और रोजगार की तलाश में आते हैं. इसके अलावा बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा, दमन और अल्पसंख्यकों पर हमलों के कारण भी कई लोग पलायन करते हैं.

हैदराबाद में आगामी रामनवमी शोभा यात्रा को लेकर गोशामहल के विधायक टी. राजा सिंह ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि साल 2010 से लगातार शोभा यात्रा आयोजित की जा रही है, लेकिन हर साल पुलिस की ओर से बाधाएं खड़ी की जाती हैं. उनका आरोप है कि सिदंबर बाजार, पुराना पुल और बेगम बाजार जैसे इलाकों में विशेष रूप से लाठीचार्ज के लिए टास्क फोर्स तैनात की जाती है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि हर साल उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाती है और इस बार भी पुलिस अपनी गलतियों का ठीकरा उन पर फोड़ सकती है.

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लोगों ने ईरान के समर्थन में सोना, चांदी और नकद दान किया. यह कदम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है. लोग एक जगह इकट्ठा होकर मदद के लिए आगे आए. बडगाम के विधायक मुंतज़िर मेहदी ने भी एक महीने की सैलरी दान करने की घोषणा की. यह घटना दिखाती है कि अंतरराष्ट्रीय संघर्ष का असर दूर तक हो रहा है और लोग इंसानियत के लिए साथ खड़े हो रहे हैं.

महाराष्ट्र के नासिक में खुद को धर्मगुरु बताने वाले अशोक कुमार खरात पर दुष्कर्म, शोषण, जबरन गर्भपात, ठगी और जमीन विवाद में हत्या जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. मामला एक गर्भवती महिला की शिकायत से सामने आया, जिसके बाद स्पाई कैमरे से 100 से ज्यादा वीडियो मिले. कई महिलाओं ने सालों तक शोषण का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है, जिसमें और बड़े खुलासों की आशंका है.










