
तेलंगाना के मंचेरियल में दर्दनाक हादसा, करंट लगने से दो युवकों की मौत; गांव में पसरा मातम
ABP News
Telangana News: दोनों युवकों को बिजली का जोरदार झटका लगने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई. लोगों ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
तेलंगाना के मंचेरियल जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. जिले के दंडेपल्ली मंडल के म्यादरिपेट गांव में सोमवार (9 मार्च, 2026) को करंट लगने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवारों में मातम छा गया.
जानकारी के अनुसार, म्यादरिपेट गांव में स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हुआ. बताया जा रहा है कि किसी कारणवश लोहे का एक स्टैंड बिजली की मुख्य लाइन से संपर्क में आ गया था. इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों को अचानक तेज करंट लग गया. करंट इतना तेज था कि दोनों युवक मौके पर ही गिर पड़े और उनकी हालत गंभीर हो गई.
हादसे में मृत लोगों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान म्यादरिपेट गांव के निवासी सल्ल लक्ष्मीनारायण और वेल्गनूर गांव के नागराज के रूप में हुई है. चश्मदीदों ने बताया कि दोनों युवक उस समय पेट्रोल पंप के पास ही मौजूद थे, तभी अचानक यह हादसा हो गया. करंट लगते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीण तुरंत दोनों युवकों को बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.













