
गर्मी के मौसम में बिना एसी के यूँ ठंडा रख सकते हैं अपना घर
BBC
दुनिया में और भी कई देश हैं जहाँ गर्मी लोगों को परेशान करती रही है और इससे बचने के उपाय भी निकाले जाते रहे हैं.
भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश जैसे एशिया के कई देश इन दिनों भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं. मगर दुनिया में और भी कई देश हैं जहाँ गर्मी लोगों को परेशान करती रही है और इससे बचने के उपाय भी निकाले जाते रहे हैं. एक बार फिर पढ़िए बीबीसी हिन्दी पर प्रकाशित हुआ एक लेख.
जलवायु परिवर्तन सारी दुनिया के लिए चिंता का विषय है. धरती का तापमान लगातार बढ़ रहा है. कहीं ग्लेशियर पिघल रहे हैं तो कहीं जंगलों में आग लग रही है.
फ़िलहाल अमेज़न के जंगल आग की चपेट में हैं. जिससे एक बड़े हिस्से के तापमान में अचानक तेज़ी आ गई है. गर्मी से लोग परेशान हैं. लिहाज़ा घर और दफ़्तर ठंडा रखने के लिए बड़े पैमाने पर एयर कंडीशनर लगाए जा रहे हैं.
शायद ही कोई घर या दफ़्तर होगा जहां एयर कंडिशनर ना हो. लेकिन ये एयर कंडीशनर अंदर जितना ठंडा करते हैं, उससे कहीं ज़्यादा बाहर गर्मी बढ़ा देते हैं.
जानकारों के मुताबिक़ जलवायु परिवर्तन में एयर कंडीशनर से निकलने वाली गैसों का बड़ा योगदान है. अब अगर एयर कंडीशनर घाटे का सौदा हैं तो इमारतें ठंडी रखने के और विकल्प क्या हैं?













