
क्या T20 वर्ल्ड कप पर मंडरा रहा निपाह वायरस का खतरा? BCCI ने बताई हकीकत
AajTak
आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से लेकर 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की सहमेजबानी में होना है. टी20 वर्ल्ड कप से पहले पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस के 2 मामले सामने आए, जिसने चिंताएं पैदा कर दीं.
पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस के दो मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भारत की आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 मेजबानी को लेकर सवाल खड़े किए गए. हालांकि सच्चाई यह है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह का खतरा मौजूद नहीं है. पश्चिम बंगाल में सामने आया निपाह वायरस का मामला ना तो नया है और ना ही असामान्य.
यह भारत में निपाह वायरस का आठवां मामला है, दिसंबर में दो लोग संक्रमित पाए गए, जिन्हें तुरंत आइसोलेट कर इलाज शुरू कर दिया गया. दोनों मरीज पूरी तरह क्वारंटीन में हैं. उनके संपर्क में आए 196 लोगों को ट्रेस किया गया. सभी की जांच हुई और एक भी नया केस सामने नहीं आया.
भारत सरकार ने स्थिति पर तुरंत प्रतिक्रिया दी. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने स्पष्ट किया, 'केंद्र और राज्य की स्वास्थ्य एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से निगरानी, जांच और फील्ड इन्वेस्टिगेशन किए गए हैं. फिलहाल निपाह वायरस का कोई नया मामला सामने नहीं आया है. स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लगातार मॉनिटर की जा रही है. इस बयान से साफ है कि किसी तरह की आपात स्थिति नहीं है.
निपाह वायरस है क्या? विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक निपाह वायरस एक जूनोटिक वायरस है, जो जानवरों से इंसानों में फैलता है. यह संक्रमित भोजन या संक्रमित व्यक्ति के नज़दीकी संपर्क से फैल सकता है. हालांकि, सबसे अहम बात यह है कि निपाह वायरस हवा से नहीं फैलता, जैसा कि कोविड-19 फैलता था. यह केवल करीबी संपर्क, खांसी या छींक की बूंदों से ही फैल सकता है.
कोविड महामारी के अनुभव के बाद नेपाल, थाईलैंड, इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया जैसे देश सिर्फ एहतियात के तौर पर थर्मल स्क्रीनिंग कर रहे हैं. इसे खतरे का संकेत बताना गलत होगा. WHO ने साफ कहा है, 'मौजूदा साक्ष्यों के आधार पर डब्ल्यूएचओ किसी भी तरह के यात्रा या व्यापार प्रतिबंध की सिफारिश नहीं करता.'
सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही ज्यादातर भ्रामक बातें पाकिस्तान से जुड़े अकाउंट्स से सामने आई हैं. कुछ चीनी नागरिकों द्वारा भारत से फ्लाइट्स सस्पेंड करने की मांग जरूर उठी, लेकिन ग्राउंड रियलिटी इससे बिल्कुल उलट है.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












