
उत्तराखंड में चुनावी साल से पहले बजट पेश, जानें किस विभाग के लिए धामी सरकार ने खोला खजाना?
ABP News
Uttarakhand Budget 2026: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹1,11,703.21 करोड़ का विशाल बजट पेश किया है. जिसमें प्रदेश के विकास से तमाम सुविधाओं का ध्यान रखा गया है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का विशाल बजट पेश किया है. यह बजट राज्य की रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 'विकसित उत्तराखंड' के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है. सरकार ने इसे "विज्ञान" (VIGYAN) के बजट की संज्ञा दी है, जिसका अर्थ- वैल्यू बेस्ड, इनोवेशन ड्रिवन, गुड गवर्नेंस, यूथ-पावर्ड, एकाउंटेबिलिटी और नया उत्तराखंड है.
बजट में बुनियादी ढांचे, सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया है जिसमे लोक निर्माण विभाग (PWD) को ₹2,501.91 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है. इस भारी भरकम बजट से राज्य में सड़कों और पुलों का जाल बिछाया जाएगा. पहाड़ी क्षेत्रों में सुरंगों और आधुनिक ढांचे के निर्माण से दूर-दराज के इलाके मुख्यधारा से जुड़ेंगे, जिससे पर्यटन और स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी.
इसी तरह पेयजल विभाग को ₹1,827.91 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है जिस से 'जल जीवन मिशन' के तहत हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को बल मिलेगा, और ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार होगा. ग्रामीण विकास विभाग को ₹1,642.20 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है जिस से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के अवसर पैदा होंगे, और पलायन रोकने में मदद मिलेगी.
इसके साथ ही ऊर्जा विभाग को 1,609.43 करोड़ का बजट मिला है जिस से ऊर्जा क्षेत्र में निवेश से बिजली आपूर्ति सुदृढ़ होगी और सौर ऊर्जा जैसी नवीकरणीय परियोजनाओं को प्रोत्साहन मिलेगा. इसी तरह शहरी विकास विभाग को ₹1,401.85 करोड़ का बजट दिया गया है जिस से शहरों में आधुनिक सुविधाओं, कूड़ा प्रबंधन और बेहतर शहरी नियोजन पर काम किया जाएगा.













