)
7th Pay Commission: होली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को मिलेगी खुशखबरी! जानिए कितनी बढ़कर आएगी सैलरी?
Zee News
Salary Hike: लेबर ब्यूरो ने दिसंबर 2025 का ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स-इंडस्ट्रियल वर्कर्स 148.2 पर जारी किया है. इसके आधार पर उम्मीद की जा रही है कि इस बार डीए में 2% का इजाफा हो सकता है. यदि डीए 2 प्रतिशत बढ़ा तो यह बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा.
DA Hike: होली का त्योहार नजदीक है और लाखों केंद्रीय कर्मचारियों को डीए हाइक (DA Hike) का इंतजार है. इस बार होली 3 मार्च 2026 को मनाई जाएगी. इससे पहले लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को डीए / डीआर (DA / DR) बढ़ने की उत्सुकता है. सवाल यह भी है कि क्या इस बार महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान होली से पहले हो जाएगा. लेबर ब्यूरो की तरफ से दिसंबर 2025 का ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स-इंडस्ट्रियल वर्कर्स (AICPI-IW) 148.2 पर जारी किया गया है. इसके आधार पर डीए में इस बार 2% का इजाफा होने की उम्मीद है. अभी डीए 58 प्रतिशत पर है, जिसके बाद यह बढ़कर 58% से 60% हो जाएगा. इस बढ़ोतरी को जनवरी 2026 से लागू किया जाएगा.
केंद्र सरकार की तरफ से हर एक साल में दो बार डीए बढ़ाने का ऐलान किया जाता है. पहला इजाफा जनवरी और दूसरा जुलाई के महीने में होता है. लेकिन इसकी घोषणा आमतौर पर बड़े त्योहारों से पहले जैसे होली या दिवाली के मौके पर की जाती है. इस बार कई मीडिया रिपोर्ट और कर्मचारी संघों के अनुसार सरकार मार्च के पहले हफ्ते में डीए को लेकर ऐलान कर सकती है. घोषणा होली से पहले भी होने का अनुमान जताया जा रहा है. ऑल इंडिया NPS एम्प्लॉयी फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजीत सिंह पटेल का कहना है कि इस बार होली से पहले घोषणा होने की उम्मीद है. अप्रैल के महीने से इसका असर सैलरी पर दिखाई देगा. पिछले साल होली का त्योहार 14 मार्च को था, लेकिन घोषणा 28 मार्च को हुई थी. लेकिन अक्टूबर 2025 में दिवाली से पहले डीए हाइक को लेकर ऐलान कर दिया गया था.
सरकार की तरफ से डीए (DA) का ऐलान कर्मचारियों की बेसिक सैलरी पर महंगाई के असर को कम करने के लिए किया जाता है. पे कमीशन में बेसिक सैलरी फिक्स रहती है, लेकिन डीए (DA) हर छह महीने में बढ़ता रहता है. सातवें वेतन आयोग की अवधि 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो चुकी है. लेकिन अभी आठवें वेतन आयोग को लागू होने में एक से डेढ़ साल का समय लगेगा. तब तक बेसिक सैलरी पुरानी ही रहेगी लेकिन डीए बढ़ता रहेगा. इससे कर्मचारियों की कुल सैलरी में इजाफा होता रहता है.
उदाहरण के लिये ग्रुप D के तहत काम करने वाले किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है. मौजूदा 58 प्रतिशत डीए के हिसाब से यह 18,000 का 10,440 रुपये होता है. इस तरह बेसिक सैलरी और डीए को मिलाकर यह 28,440 रुपये हो जाती है. अब यदि 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाती है तो डीए बढ़कर 60% हो जाएगा. 60 प्रतिशत डीए के बाद यह 10,440 रुपये से बढ़कर 10,800 रुपये हो जाएगा. इस तरह कर्मचारी की कुल सैलरी 28,800 रुपये हो जाएगी और सैलरी में 360 रुपये महीने का इजाफा होगा. इसके अलावा कर्मचारी हाउस रेंट अलाउंस (HRA), 3% सालाना इंक्रीमेंट और अन्य अलाउंस भी पाते हैं. सीनियर कर्मचारियों को ज्यादा फायदा मिलता है.
डीए की कैलकुलेशन AICPI-IW के 12 महीने के एवरेज पर बेस्ड होती है. यह इंडेक्स इंडस्ट्रियल लेबर की तरफ से इस्तेमाल होने वाली चीजों और सर्विस की खुदरा कीमत में बदलाव को मापती है. फॉर्मूले के अनुसार दिसंबर 2025 के आंकड़ों से 12 महीनों का औसत करीब 145.54 निकला. इसके आधार पर डीए 60.34% आया, जिसे सरकार राउंड फिगर में 58 से बढ़ाकर 60% कर सकती है. इसके आधार पर यह 2% की बढ़ोतरी होती है.





