
साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज से उपकप्तान का नाम क्यों गायब? जानें वजह
AajTak
BCCI ने दक्षिण अफ्रीका ODI सीरीज़ के लिए उपकप्तान की घोषणा नहीं की है. कप्तानी की जिम्मेदारी केएल राहुल को सौंपी गई है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर टीम में उपकप्तान के नाम का ऐलान क्यों नहीं किया गया है. सीरीज का आगाज 30 नवंबर से होगा.
भारत-साउथ अफ्रीका के बीच 30 नवंबर से 3 मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होगा. इस सीरीज के लिए रविवार को बीसीसीआई ने 15 सदस्यीय वनडे टीम का ऐलान कर दिया है. इसमें केएल राहुल को टीम की कमान सौंपी गई है. क्योंकि नियमित कप्तान शुभमन गिल चोट के चलते बाहर हैं. ऐसे में राहुल को भारत का अंतरिम कप्तान बनाया गया, लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि इस सीरीज के लिए उपकप्तान का नाम ही नहीं दिया गया. आमतौर पर BCCI कप्तान के साथ-साथ उपकप्तान की भी घोषणा करता है, ताकि कप्तान के अनुपलब्ध होने पर नेतृत्व की जिम्मेदारी स्पष्ट रहे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ.
जानें क्या है इसकी वजह?
दरअसल, इस बार टीम सेलेक्शन से पहले खिलाड़ियों की स्थिति थोड़ी असामान्य रही. नियमित कप्तान शुभमन गिल गर्दन की चोट के कारण बाहर हैं. सामान्य तौर पर उपकप्तान बनने वाले श्रेयस अय्यर भी चोट के चलते चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे. वहीं, बुमराह को भी आराम दिया गया है ताकि वह टी20 सीरीज तक पूरी तरह तरोताजा हो सकें.
उपकप्तान न चुनने के पीछे ये भी एक कारण
विराट कोहली और रोहित शर्मा इस वनडे सीरीज का हिस्सा होंगे. दोनों अनुभव के स्तंभ हैं. दोनों ने भारत की कप्तानी भी की है. लेकिन अब वह उपकप्तान पद नहीं संभालेंगे. वे मैदान पर नेतृत्व में सक्रिय रहते हैं, लेकिन अब आधिकारिक कप्तानी भूमिकाओं की आवश्यकता नहीं मानी जाती.यह भी पढ़ें: तिलक-ऋतुराज को मौका, पंत-जडेजा का कमबैक... अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम सेलेक्शन की बड़ी बातें
जडेजा टीम के सीनियर खिलाड़ियों में हैं, लेकिन वह ऑस्ट्रेलिया ODI टूर से ड्रॉप हुए थे. और सीमित ओवरों में अब उनकी जगह स्थिर नहीं है. ऐसी स्थिति में उन्हें उपकप्तान बनाना तर्कसंगत नहीं लगता, क्योंकि वे अगले ही सीरीज़ में बाहर हो सकते हैं.













