
रोहित शेट्टी फायरिंग केस: रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह केस पर मुंबई पुलिस का खुलासा, कॉपीकैट अपराधियों पर है नजर
ABP News
Rohit Shetty Firing Case: रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह मामले पर पुलिस का मानना है कि बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर कॉपीकैट अपराधी डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
बॉलीवुड के मशहूर फिल्म मेकर रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में और रणवीर सिंह को मिली धमकी के केस में पुलिस के वरिष्ठ सूत्रों ने नया खुलासा किया है. मुंबई पुलिस के वरिष्ठ सूत्रों के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी के बाद गैंग काफी कमजोर हो गई है. रोहित शेट्टी के घर पर हुए हमले के अलावा हाल-फिलहाल में किसी अन्य बड़े सेलिब्रिटी को बिश्नोई गैंग की ओर से औपचारिक धमकी मिलने की पुष्टि नहीं हुई है.
हालांकि, रणवीर सिंह को मिली कथित धमकी और उन्हें भेजे गए थ्रेट मैसेज की सत्यता पर अब भी सवाल बना हुआ है. पुलिस का मानना है कि बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर कॉपीकैट अपराधी डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, और ऐसे लोगों पर मुंबई पुलिस की नजर है.
बिश्नोई गैंग के नाम पर खौफसूत्रों के मुताबिक, बिश्नोई भाइयों की गिरफ्तारी के बाद गैंग की गतिविधियां कमजोर पड़ी हैं और कुछ लोग उनके नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं. शुभम लोनकर या आरजू बिश्नोई जैसे नाम सामने आए हैं, जिन्हें पुलिस कमजोर कड़ी मान रही है. आशंका है कि देश के कुछ हिस्सों में लॉरेंस और अनमोल बिश्नोई के नाम का इस्तेमाल केवल खौफ पैदा करने के लिए किया जा रहा है.
शुभम लोनकर की तलाश जारीरोहित शेट्टी के घर पर हमले के बाद एक फेसबुक पोस्ट के जरिए शुभम लोनकर के नाम से और लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर का उपयोग करते हुए जिम्मेदारी लेने की बात सामने आई थी. हालांकि पुलिस का मानना है कि ये गैंग अपना वर्चस्व बनाए रखने के लिए इस तरह की हरकतें कर रहा है. गोलीबारी करने वाले शूटरों की तलाश तेज कर दी गई है. भले ही आरोपियों ने अपने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या इस्तेमाल किए गए उपकरण नष्ट कर दिए हों, पुलिस को भरोसा है कि जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी. इस मामले में अन्य एजेंसियों की मदद से शुभम लोनकर की भी तलाश जारी है.













