
मध्य-पूर्व की जंग का असर, गैस से चलने वाले शवदाह गृहों से लेकर रेस्तरां तक पर पड़ रहा है असर
BBC
होटल और रेस्तरां मालिकों को पेश आ रही दिक्कतों के बीच केंद्र सरकार ने कहा है कि फ़िलहाल गैस की कोई किल्लत नहीं है.
मध्य पूर्व में छिड़े संघर्ष का साया अब दुनिया की तेल और गैस की सप्लाई पर पड़ने लगा है.
इस वजह से भारत के अलावा कई अन्य देशों में संकट बढ़ता जा रहा है.
नौ मार्च की शाम को तेल और गैस के अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में ज़बरदस्त हलचल शुरू हुई. इसकी जड़ स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ के रास्ते आने वाले तेल की सप्लाई का बाधित होना है.
लेकिन भारत में तेल और गैस सप्लाई की कमी को लेकर हो रही चर्चाओं के बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस सप्लाई की 'कोई किल्लत नहीं' है और 'घबराने की ज़रूरत नहीं' है.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
ईरान पर अमेरिका और इसराइल के ताबड़तोड़ हवाई हमलों के बीच ईरान ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से तेल टैंकरों की आवाजाही को बाधित कर दिया है.
इसी रास्ते से चीन, जापान और भारत समेत कई देशों को तेल और गैस की सप्लाई होती है. बीते 24 घंटों में हालात तेज़ी से बदले हैं.

भारत में, एलपीजी गैस की कीमतों में इज़ाफ़ा होता दिख रहा है. इसकी सप्लाई को लेकर अनिश्चितता का दौर जारी है. एलपीजी की कीमतों और उपलब्धता पर दबाव बढ़ता दिख रहा है और देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं. यहां लोगों को कैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है? बीबीसी के रिपोर्टर्स ने देश के अलग-अलग हिस्सों में यही जानने की कोशिश की.












