
न्यूजीलैंड ने दर्ज की अपनी सबसे बड़ी टेस्ट जीत, डेब्यूटेंट गेंदबाज ने बरपाया कहर, जिम्बाब्वे का हुआ सूपड़ा साफ
AajTak
जिम्बाब्वे की टेस्ट क्रिकेट में ये लगातार छठी हार रही. जिम्बाब्वे ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज में अपनी चारों इनिंग्स में 170 से कम रन बनाए. दूसरी ओर न्यूजीलैंड के लिए ये दौरा शानदार रहा.
न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा एवं आखिरी मुकाबला बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट क्लाब में खेला गया. इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने मेजबान टीम के खिलाफ पारी और 359 रनों से जीत हासिल की. टेस्ट इतिहास में कीवी टीम की ये सबसे बड़ी जीत रही. यह मुकाबला तीसरे दिन के खेल के पहले सेशन में ही समाप्त हो गया. इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने टेस्ट सीरीज में जिम्बाब्वे का 2-0 से सूपड़ा साफ कर दिया.
मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 125 रनों पर ढेर हो गई. काफी समय बाद मैदान पर वापसी करने वाले ब्रैंडन टेलर ने 44 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज बुरी तरह फ्लॉप रहे. न्यूजीलैंड की तरफ से फास्ट बॉलर मैट हेनरी ने पांच और अपना डेब्यू मुकाबला खेलने उतरे तेज गेंदबाज जकारी फाउलकेस ने चार विकेट लिए.
जवाब में न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी 3 विकेट के नुकसान पर 601 रन बनाकर घोषित की. यानी पहली पारी के आधार पर न्यूजीलैंड को 476 रनों की विशाल लीड मिली. डेवोन कॉन्वे (153), हेनरी निकोल्स (150*) और रचिन रवींद्र (165*) ने बेहतरीन शतकीय पारियां खेलीं.
दूसरी पारी में भी मेजबान टीम का बुरा हाल इसके बाद जिम्बाब्वे के बल्लेबाज दूसरी पारी में में भी बेबस नजर आए. नतीजतन जिम्बाब्वे की पूरी टीम दूसरी पारी में सिर्फ 117 रनों पर सिमट गई और उसे करारी हार का सामना करना पड़ा. जिम्बाब्वे की ओर से निक वेल्च ने नाबाद 47 रन बनाए. उनका बाकी बल्लेबाजों ने तनिक भी साथ नहीं दिया.
जकारी फाउलकेस ने न्यूजीलैंड की ओर से दूसरी पारी में 5 विकेट निकाले. यानी मैच में उन्होंने कुल 9 विकेट लिए. सलामी बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया, जबकि इस टेस्ट सीरीज में 16 विकेट लेने वाले कीवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' रहे.
टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत (इनिंग्स से) पारी और 579 रन: इंग्लैंड vs ऑस्ट्रेलिया, द ओवल, 1938 पारी और 360 रन: ऑस्ट्रेलिया vs साउथ अफ्रीका, जोहानिसबर्ग 2002 पारी और 359 रन: न्यूजीलैंड vs जिम्बाब्वे, बुलावायो, 2025 पारी और 336 रन: वेस्टइंडीज vs भारत, कोलकाता, 1958/59

एक समय था जब बिहार से आईपीएल में खिलाड़ियों की मौजूदगी गिनी-चुनी होती थी. लेकिन आज 7 खिलाड़ियों का इस लीग में होना राज्य के क्रिकेट इकोसिस्टम में आए बदलाव का संकेत है. यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि उस बदलाव की कहानी है जहां कभी संसाधनों की कमी से जूझने वाला राज्य अब भारतीय क्रिकेट की मुख्यधारा में अपनी जगह बना रहा है.












