
नेतन्याहू की चेतावनी, लेबनान को युद्ध में घसीट रहा हिज़्बुल्लाह, देंगे और कड़ा जवाब
AajTak
ईरान और लेबनान मोर्चे पर बढ़ते तनाव के बीच इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिज़्बुल्लाह को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि इज़रायल पहले ही सख्त जवाब दे चुका है और आगे और भी अधिक ताकत से कार्रवाई करेगा. नेतन्याहू ने लेबनान की सरकार और जनता से कहा कि हिज़्बुल्लाह उन्हें ऐसे युद्ध में धकेल रहा है, जो उनका अपना नहीं है.
इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हिज़्बुल्लाह को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि वह लेबनान को ऐसे युद्ध में घसीट रहा है जो उसका नहीं है. नेतन्याहू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इज़रायल पहले ही सख्त जवाब दे चुका है और आगे इससे भी अधिक और अतिरिक्त बल के साथ कार्रवाई करेगा.
हिज़्बुल्लाह पर नेतन्याहू का सीधा वार, कहा- और भी सख्त जवाब देंगे
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक नेतन्याहू ने कहा, 'हम ईरान पर पूरी ताकत से प्रहार जारी रखे हुए हैं, हमारे पायलट ईरान और तेहरान के आसमान में सक्रिय हैं, साथ ही लेबनान के ऊपर भी अभियान चला रहे हैं. हिज़्बुल्लाह ने हम पर हमला कर बहुत बड़ी गलती की है. हमने पहले ही कड़ा जवाब दिया है और आगे इससे भी ज्यादा और अतिरिक्त ताकत से जवाब देंगे.'
उन्होंने लेबनान सरकार और वहां की जनता को भी सीधे संबोधित किया. उन्होंने कहा कि लेबनान की सरकार और जनता को समझना चाहिए कि हिज़्बुल्लाह उन्हें ऐसे संघर्ष में धकेल रहा है जिसका उनसे कोई लेना-देना नहीं है. नेतन्याहू के मुताबिक, यह युद्ध केवल एक 'जनसंहार करने वाले' व्यक्ति की मौत के कारण भड़काया जा रहा है, जिसका लेबनान की आम जनता से कोई संबंध नहीं है.
ईरान-लेबनान मोर्चे पर बढ़ा तनाव, इज़रायली वायुसेना की लगातार कार्रवाई
इज़रायली प्रधानमंत्री ने कहा, 'लेबनान की सरकार और वहां के लोगों को यह समझना चाहिए कि हिज़्बुल्लाह उन्हें ऐसे युद्ध में घसीट रहा है जो उनका नहीं है. उन्हें अपने हितों के बारे में सोचना चाहिए और बेहतर होगा कि वे जल्द ऐसा करें. हम अपनी सुरक्षा के लिए जो आवश्यक होगा, वह करते रहेंगे.'

इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध मंगलवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गया है. यह संघर्ष पहले से कहीं ज्यादा घातक हो चुका है. ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की हत्या का बदला लेने के लिए ईरान ने मिडिल-ईस्ट के कई हिस्सों में मिसाइलों से हमले तेज कर दिए हैं. इधर इजरायल ने हिजबुल्लाह पर हमला किया. बेरूत के कई इलाकों में IDF ने हमले किए हैं.

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अपने बयान में कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकाने हैं. तेहरान किसी भी क्षेत्रीय देश के साथ युद्ध में नहीं है. ईरान के विदेश मंत्री ने कहा वो पड़ोसी देशों से नहीं, बल्कि उन अमेरिकी बलों से मुकाबला कर रहे है, जो इन देशों की जमीन पर बेस बनाकर तैनात हैं.











