
'आप सुरक्षित हैं...' अमेरिकी जेट क्रैश के बाद महिला पायलट की मदद करता दिखा कुवैती शख्स
AajTak
ईरान के खाड़ी देशों में अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमलों के बीच कुवैत में अमेरिकी F-15 स्ट्राइक ईगल जेट क्रैश हो गया था. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें एक फीमेल अमेरिकी पायलट को कुवैती नागरिक मदद करते दिखे.
इजरायल-अमेरिका के हमले का जवाब देते हुई ईरान अलग-अलग देशों में अमेरिकी बेस पर हमला कर रही है. हाल ही में कुवैत में अमेरिका का जेट क्रैश हो गया था. इसी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें एक कुवैती नागरिक फीमेल अमेरिकी पायलट की मदद करते देखा नजर आ रहा है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे 20 सेकंड के इस वीडियो में एक फीमेल पायलट को खुले रेतीले इलाके में जमीन पर बैठा देखा जा सकता है. एक कुवैती नागरिक उसके पास जाता है और इंग्लिश में पूछता है, 'क्या आप ठीक हैं? हमारी मदद करने के लिए धन्यवाद. आप सुरक्षित हैं.'
कुवैती नागरिक को देखते ही पायलट जमीन से उठती नजर आती हैं. इस दौरान वो लगातार मुस्कुराती भी दिखाई दीं.
कुवैती एयर डिफेंस ने गलती से गिरा दिए थे अमेरिकी जेट!
दरअसल, कुवैती एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान के खिलाफ अभियान में शामिल तीन F-15 स्ट्राइक ईगल विमानों को गलती से मार गिराया था. ये हादसा तब हुआ जब ईरान ने अमेरिकी सैन्य अड्डों वाले खाड़ी देशों पर ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से बड़ा हमला बोला था. उस समय आसमान में भारी सैन्य गतिविधि चल रही थी.
यह भी पढ़ें: 'कुवैत ने गलती से मार गिराए हमारे तीन फाइटर जेट्स', F-15 क्रैश पर अमेरिका का बयान

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अपने बयान में कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकाने हैं. तेहरान किसी भी क्षेत्रीय देश के साथ युद्ध में नहीं है. ईरान के विदेश मंत्री ने कहा वो पड़ोसी देशों से नहीं, बल्कि उन अमेरिकी बलों से मुकाबला कर रहे है, जो इन देशों की जमीन पर बेस बनाकर तैनात हैं.

ईरान ने कतर पर 92 बैलिस्टिक मिसाइलें और 17 ड्रोन से हमला किया है. इस हमले में 16 लोग घायल हुए हैं और एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं, कतर का दावा है कि वो 81 मिसाइलें और 11 ड्रोन रोकने में कामयाब रही. कतर ने इस हमले को संप्रभुता का उल्लंघन बताया है और संयुक्त राष्ट्र से हस्तक्षेप की अपील की है.











