
'हम नहीं रुकेंगे', ईरान की राजधानी तेहरान के एयरस्पेस में घुसी IDF, हर तरफ धुआं-धुआं
AajTak
इजरायली वायुसेना ईरान की राजधानी तेहरान में घुस गई है. आईडीएफ ने दावा किया है कि उसके विमान तेहरान के ऊपर तक उड़ान भर रहे हैं और मिशन जारी रहेगा. रमात डेविड एयरबेस के कमांडर ने कहा कि उच्च जोखिम और दुश्मन की मिसाइलों के बीच एयरक्रू और ग्राउंड स्टाफ चौबीसों घंटे ऑपरेशन चला रहे हैं. ईरान पर अमेरिका और इजरायल का संयुक्त एयर स्ट्राइक लगातार जारी है.
ईरान से अमेरिका-इजरायल की युद्ध चौथे दिन भी जारी है और दोनों तरफ से एयर स्ट्राइक, मिसाइल अटैक और ड्रोन हमले जारी हैं. इस बीच इजरायली वायुसेना (IAF) ने कहा है कि उसके विमान दुश्मन के क्षेत्र और राजधानी तेहरान के ऊपर तक उड़ान भर रहे हैं और मिशन पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा.
इजरायली वायुसेना के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान में रमात डेविड एयरबेस के कमांडर कर्नल ए ने कहा कि वायुसेना गहरे दुश्मन क्षेत्र में उच्च जोखिम के बावजूद अभियान चला रही है. इजरायली वायुसेना राजधानी तेहरान समेत पूरे ईरान में लगातार एयर स्ट्राइक कर रही है जिससे हर तरफ वहां बर्बादी के निशान और मलबा नजर आ रहा है.
तेहरान के ऊपर इजरायली एयरफोर्स के फाइटर जेट
बयान के अनुसार, 'हम दुश्मन के क्षेत्र और उसकी राजधानी तेहरान के ऊपर दृढ़ संकल्प और गहरे मिशन भाव के साथ उड़ान भर रहे हैं, हम नहीं रुकेंगे'. उन्होंने कहा कि एयरक्रू इजरायल से काफी दूर उच्च जोखिम वाले हालात में अपना मिशन अंजाम दे रहे हैं, जबकि दुश्मन की वायु रक्षा प्रणाली ने उनके खिलाफ दर्जनों ग्राउंड-टू-एयर मिसाइलें दागी हैं.
कमांडर ने बताया कि एयरबेस पर तैनात ग्राउंड क्रू, पायलट और नेविगेटर चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं. वो साहस और पेशेवराना रवैये के साथ खतरे का सामना करते हुए मिशन की सफलता सुनिश्चित कर रहे हैं और इजरायल के नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रयासरत हैं.
लक्ष्य प्राप्त करने तक जारी रहेगा ऑपरेशन

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अपने बयान में कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकाने हैं. तेहरान किसी भी क्षेत्रीय देश के साथ युद्ध में नहीं है. ईरान के विदेश मंत्री ने कहा वो पड़ोसी देशों से नहीं, बल्कि उन अमेरिकी बलों से मुकाबला कर रहे है, जो इन देशों की जमीन पर बेस बनाकर तैनात हैं.

ईरान ने कतर पर 92 बैलिस्टिक मिसाइलें और 17 ड्रोन से हमला किया है. इस हमले में 16 लोग घायल हुए हैं और एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं, कतर का दावा है कि वो 81 मिसाइलें और 11 ड्रोन रोकने में कामयाब रही. कतर ने इस हमले को संप्रभुता का उल्लंघन बताया है और संयुक्त राष्ट्र से हस्तक्षेप की अपील की है.











