
देहरादून मर्डर केस: पत्नी का सास और डॉक्टर पर आरोप, 4 पर साजिश का केस दर्ज
ABP News
Dehradun Crime News: देहरादून में अर्जुन शर्मा हत्याकांड में नया मोड़ आया है. पत्नी अभिलाषा ने सास, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया है.
देहरादून के पॉश इलाके तिब्बती मार्केट और प्रेस क्लब के पास दिनदहाड़े हुए अर्जुन शर्मा हत्याकांड की गुत्थी सुलझने के बजाय अब एक नए और बेहद चौंकाने वाले मोड़ पर आ गई है. अब तक जिसे पुलिस अज्ञात हमलावरों की करतूत मान रही थी, उसमें मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने अपनी ही सास और तीन अन्य लोगों पर हत्या की साजिश रचने का सनसनीखेज आरोप लगाया है.
अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा ने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में अपनी सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल और एस.के. मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अजय खन्ना को नामजद किया है. अभिलाषा की तहरीर के आधार पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने इन चारों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि इन सभी आरोपियों के बीच पैसों के बड़े लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. अर्जुन शर्मा इस आर्थिक हेरफेर का विरोध कर रहे थे, जिसके कारण उनका अपनी मां बीना शर्मा के साथ गहरा मनमुटाव हो गया था. यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन बताया जा रहा है. अभिलाषा ने आशंका जताई है कि इसी विवाद और रंजिश के चलते एक सुनियोजित साजिश के तहत कॉन्ट्रैक्ट किलिंग के जरिए उनके पति की हत्या कराई गई है.
पत्नी के इन आरोपों के बाद पुलिस की जांच की दिशा पूरी तरह बदल गई है. अब पुलिस का फोकस सिर्फ शूटरों को पकड़ने पर ही नहीं, बल्कि इस कथित साजिश की तह तक जाने पर है. एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गई हैं जो आरोपियों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), लोकेशन और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच कर रही हैं. साथ ही, पूरे शहर में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

लखनऊ में चाइनीज मांझे से कटी बच्ची की गर्दन, पिता के साथ बाइक से जा रही थी मासूम, 6 पतंगबाज गिरफ्तार
Lucknow News: लखनऊ के वजीरगंज में चाइनीज मांझे से बच्ची के गले में गहरे जख्म हुए हैं. डॉक्टर ने कई टांके लगाए हैं. राहगीरों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस ने एक्शन लिया है.












