
लखनऊ में चाइनीज मांझे से कटी बच्ची की गर्दन, पिता के साथ बाइक से जा रही थी मासूम, 6 पतंगबाज गिरफ्तार
ABP News
Lucknow News: लखनऊ के वजीरगंज में चाइनीज मांझे से बच्ची के गले में गहरे जख्म हुए हैं. डॉक्टर ने कई टांके लगाए हैं. राहगीरों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस ने एक्शन लिया है.
प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर लगातार जारी है. लगातार इस तरह के मांझे से हादसे हो रहे हैं. लखनऊ के वजीरगंज इलाके में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से मासूम बच्ची की गर्दन कट गई. वह पिता के साथ बाइक से जा रही थी. अचानक चाइनीज मांझा आकर उसकी गर्दन में फंस गया. जब तक पिता बाइक रोकते बच्ची के गहरे जख्म हो गए. पिता ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. ये थाना वजीरगंज के जगत नारायण रोड इलाके की घटना है.
यह घटना वजीरगंज के जगत नारायण रोड गोलागंज चौराहे पर रविवार (22 मार्च) दोपहर करीब 3 बजे हुई. मांझे से कटने के बाद बच्ची के गले में गहरे जख्म हुए हैं. जिसपर डॉक्टर ने टांके लगाए हैं. फिलहाल बच्ची की स्थिति सामान्य बताई जा रही है. पुलिस को अभी कोई शिकायत नहीं मिली है. लखनऊ में 45 दिन में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर घायल होने की यह 18वीं घटना है.
वजीरगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. प्रतिबंधित चाइनीज मांझा इस्तेमाल करने वाले 6 पतंगबाज को गिरफ्तार किया गया है. रीड हाल सेंट्रल कॉलेज के पास पतंगबाजी का खेल चल रहा था. राहगीरों की सुरक्षा से खिलवाड़ हो रहा था. जानकारी के मुताबिक पुलिस के समझाने पर आरोपियों ने हंगामा किया जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया.
हंगामे के बाद स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके से दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों में साजिद, फ़हीन, आमिर समेत 6 लोग शामिल हैं. पुलिस की ओर से सभी के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पतंग के मांझे से लोगों के लगातार घायल होने की घटना के बाद पुलिस सख्त नजर आ रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ एक्शन ले रही है.













