
फर्राटेदार अंग्रेजी बोलकर शोरूम से महंगी बाइक उड़ाता था MBA छात्र, दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार
ABP News
Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पिछले करीब तीन महीनों में 3 लाख से 7 लाख रुपये तक की कीमत वाली करीब 9 महंगी बाइक्स चोरी की. चोरी के बाद वह इन बाइक को सस्ते दामों में बेच देता था.
दिल्ली के रोहिणी के विजय विहार थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया है जो फर्राटेदार अंग्रेजी बोलकर बड़े-बड़े शोरूम में जाता था और टेस्ट ड्राइव के बहाने महंगी बाइक लेकर फरार हो जाता था. हैरानी की बात यह है कि आरोपी पढ़ा-लिखा है. BBA कर चुका है और इस समय MBA की पढ़ाई कर रहा है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का नाम पुनीत है. वह दिल्ली और गुरुग्राम के नामी बाइक शोरूम को अपना निशाना बनाता था. पुनीत शोरूम में अच्छी अंग्रेजी बोलकर और भरोसा जीतकर टेस्ट ड्राइव के लिए बाइक लेता था, लेकिन वापस लौटने की बजाय सीधे फरार हो जाता था.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पिछले करीब तीन महीनों में 3 लाख से 7 लाख रुपये तक की कीमत वाली करीब 9 महंगी बाइक्स चोरी की. चोरी करने के बाद वह इन बाइक्स को सस्ते दामों में बेच देता था. इतना ही नहीं आरोपी बाइक बेचने के लिए फर्जी दस्तावेज भी तैयार करता था और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों को तलाशता था. लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से शोरूम मालिक और पुलिस दोनों परेशान थे.
दिल्ली पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए नई रणनीति बनाई. कई शोरूम मालिकों से बात करके टेस्ट ड्राइव के लिए रखी गई बाइक्स में GPS डिवाइस लगवा दिए गए. इसी बीच जब आरोपी पुनीत ने एक और बाइक टेस्ट ड्राइव के नाम पर ली, तो पुलिस को उसकी लोकेशन मिल गई. इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और आखिरकार उसे पकड़ लिया.
पुलिस के मुताबिक आरोपी पढ़ा-लिखा होने के बावजूद जल्दी पैसा कमाने के लालच में इस अपराध की दुनिया में उतर गया. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने चोरी की गई बाइक्स किन-किन लोगों को बेची हैं.













