
ईरान के हमले से बौखलाए सऊदी ने लिया बड़ा एक्शन, मिलिट्री अटैची समेत दूतावास के 5 कर्मचारियों को निकाला
ABP News
Saudi Arabia Foreign Ministry: सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने देश में बार-बार हो रहे हमलों के बाद ईरानी दूतावास में तैनात इन सभी अधिकारियों को अवांछित व्यक्ति घोषित कर दिया है.
मध्य पूर्व में लगातार बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब ने कड़ा कदम उठाते हुए ईरान के मिलिट्री अटैची और दूतावास के कुछ कर्मचारियों को 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया है. सऊदी के विदेश मंत्रालय ने शनिवार (21 मार्च, 2026) को एक आधिकारिक बयान जारी किया, जिसमें ईरानी दूतावास के इन अधिकारियों को persona non grata यानी अवांछित व्यक्ति घोषित किया गया है.
मंत्रालय के मुताबिक, इस कार्रवाई में ईरानी दूतावास के सैन्य अताशे, सहायक सैन्य अताशे और मिशन स्टाफ के तीन सदस्य शामिल हैं. दरअसल, यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब इलाके में संघर्ष लगातार तेज हो रहा है और ईरान पर सऊदी अरब के क्षेत्र में बार-बार हमले करने के आरोप लगाए जा रहे हैं.
ईरान ने सऊदी समेत अन्य खाड़ी देशों को भी बनाया निशाना
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटनाक्रम अमेरिका और इजरायल के साथ ईरान के चल रहे युद्ध के बीच सामने आया है. इस संघर्ष के दौरान ईरान ने सऊदी अरब और अन्य खाड़ी देशों को निशाना बनाया है, खासकर उन जगहों को जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं. इन हमलों का असर न सिर्फ सैन्य ठिकानों तक सीमित रहा, बल्कि रिहायशी इलाकों और एनर्जी फेसिलिटीज को भी भारी नुकसान पहुंचा है. और तो और इससे पूरे इलाके में अस्थिरता फैल गई है और वैश्विक ऊर्जा बाजार प्रभावित हुआ है.













