
'ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था', 'धुरंधर 2' में बढ़ते गुरबानी विवाद पर आर माधवन ने तोड़ी चुप्पी, बताई पूरी सच्चाई
ABP News
Dhurandhar 2 Controversy: फिल्म धुरंधर: द रिवेंज में आर माधवन के एक सीन को लेकर विवाद बढ़ गया है. इसी बीच माधवन ने एक वीडियो शेयर कर मामले को स्पष्ट करते हुए सिख समुदाय से माफी मांगी और सम्मान जताया.
फिल्मों में दिखाए गए छोटे-छोटे सीन भी कभी-कभी बड़ी बहस का कारण बन जाते हैं, खासकर जब मामला धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हो. इसी बीच इन दिनों फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' के एक सीन को लेकर चर्चा तेज हो गई है. फिल्म में एक्टर आर माधवन के एक सीन को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे है. कुछ लोगों का आरोप था कि फिल्म में एक सीन में उन्होंने सिगरेट पीते हुए गुरबानी का उच्चारण किया, जिससे सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं. मामला बढ़ता देख अब खुद आर माधवन ने इन सवालों का जवाब दिया है.
माधवन ने सिख धर्म के प्रति दिखाया सम्मान
माधवन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर पूरे मामले को क्लियर करते हुए कहा कि जिस सीन को लेकर विवाद हो रहा है, उसमें उन्होंने डायलॉग बोलने से पहले ही सिगरेट बुझा दी थी. उस सीन में न तो उनके हाथ में सिगरेट थी और न ही मुंह से धुआं निकल रहा था. शूटिंग के दौरान फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने खास तौर पर उन्हें सिगरेट हटाने के लिए कहा था, ताकि किसी की भावनाएं आहत न हों. उनका या पूरी टीम का किसी भी धर्म को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था.
उन्होंने सिख समुदाय के लिए सम्मान जताते हुए कहा कि वह हमेशा उनके साथ खड़े हैं और उनकी कद्र करते हैं. उन्होंने यह भी याद दिलाया कि वह अपनी फिल्मों की रिलीज से पहले हमेशा अमृतसर के स्वर्ण मंदिर भी जाते हैं.













