
'कांग्रेस ने दिल्ली में BJP को जिताने और AAP को हराने की रची थी साजिश', सौरभ भारद्वाज का आरोप
AajTak
आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस पार्टी ने 2025 का दिल्ली चुनाव सिर्फ बीजेपी को जिताने के मकसद से लड़ा था. उन्होंने कांग्रेस पर आम आदमी पार्टी को हराने की साजिश रचने का आरोप लगाया.
आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कांग्रेस पार्टी पर 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को जिताने और AAP को हराने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया. पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भारद्वाज ने कहा, 'कांग्रेस का मकसद खुद जीतना नहीं, बल्कि AAP को हराना था, जिसने एक बड़े राजनीतिक षड्यंत्र को उजागर किया है.'
सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के एक हालिया इंटरव्यू का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था, 'दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने तय किया था कि चाहे BJP जीत जाए, लेकिन AAP को हर हाल में हराना है.' आम आदमी पार्टी के नेता ने कहा, 'यह कोई आनन-फानन में लिया गया फैसला नहीं था. कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे शीर्ष नेताओं को इस साजिश के लिए राजी किया और उन्हें AAP को हराने की खुली छूट दी गई.'
यह भी पढ़ें: 'CM रेखा गुप्ता दें इस्तीफा...', दिल्ली में कालकाजी मंदिर के सेवादार की हत्या पर भड़की AAP
सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'कांग्रेस ने AAP के हर बड़े नेता को निशाना बनाने के लिए अलग-अलग रणनीतियां बनाईं, लेकिन BJP के उम्मीदवारों जैसे प्रवेश वर्मा, रेखा गुप्ता या रमेश बिधूड़ी के खिलाफ उनकी कोई योजना नहीं थी.' उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतना घिनौना चेहरा तो 1984 के दंगों में भी नहीं देखा गया होगा, जितना घिनौना चेहरा 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में निकल कर सामने आया है.
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली में आज जब गरीबों की झुग्गियां टूट रही हैं, उनका रोजगार छीना जा रहा है, तो लोग सोचते हैं कि अगर अरविंद केजरीवाल सत्ता में होते, तो ऐसा नहीं होता. चुनावी खर्चों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने बताया कि AAP ने 14 करोड़, BJP ने 57 करोड़ और कांग्रेस ने 46 करोड़ रुपये खर्च किए, जिसमें 44 करोड़ रुपये नकद चंदे के रूप में थे.
यह भी पढ़ें: 'चार इंजन बेचकर चार नाव खरीद लो...', दिल्ली में जलभराव को लेकर बीजेपी सरकार पर बरसी AAP

चेन्नई में एक महिला पर उसके अलग रह रहे पति ने एसिड क्लीनर से हमला कर दिया, जिसकी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. हमले में महिला की एक आंख की आधी रोशनी चली गई, जबकि दूसरी आंख भी बुरी तरह प्रभावित हुई है. आरोपी पति पहले से उसे परेशान करता था और वह उससे अलग रह रही थी. झगड़े के दौरान उसने हमला किया. पड़ोसी की मदद से महिला बची और अस्पताल में भर्ती कराई गई. महिला ने लंबे समय से अत्याचार सहने की बात कही है.

दिल्ली के पालम इलाके में आज एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है. आग लगने से यहां 9 लोगों की मौत हो गई. पालम में चार मंजिला बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर कॉस्मेटिक की दुकान में आग लगी थी. आग तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई. मकान में कुल 17 लोग मौजूद थे, जिनमें से कुछ ने ऊपर से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता आग की चपेट में आने के कारण कई लोग अंदर फंस गए.

आज अली लारीजानी, उनके बेटे मोर्तेजा लारीजानी और बासिज फोर्स के कमांडर जनरल गुलामरेज़ा सुलेमानी का जनाज़ा निकाला गया. दावा है कि उनकी अंतिम विदाई देने के लिए तेहरान में 10 लाख से भी ज्यादा लोग सड़कों पर उतरे और इस दौरान तेहरान के इंकलाब Square पर इस युद्ध में अब तक की सबसे ज्यादा भीड़ देखी गई. इजरायल और अमेरिका यही उम्मीद कर रहे थे कि अली लारीजानी की मौत के बाद ईरान में सरकार विरोधी गुट सड़कों पर आएंगे और रिजीम चेंज के लिए नई कोशिशें शुरू होंगी. लेकिन अली लारीजानी के जनाज़े में इकट्ठा हुई इस विशाल भीड़ ने ये बता दिया कि ईरान में रिजीम चेंज करना बहुत मुश्किल काम है.










