
ईरान और इसराइल-अमेरिका के टकराव पर भारत, पाकिस्तान समेत इन देशों ने क्या कहा
BBC
दुनिया के कई देशों के नेताओं ने ईरान पर इसराइल और अमेरिका के हमलों पर प्रतिक्रिया दी है. वहीं मध्यपूर्व के कई देशों पर ईरान के जवाबी हमलों की सऊदी अरब और क़तर ने निंदा की है.
ईरान पर इसराइल और अमेरिका के हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मध्यपूर्व के कई देशों को निशाना बनाया है.
अमेरिका ने मध्य-पूर्व में मौजूद अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है.
अमेरिका की ओर से जारी बयान में कहा गया, "अमेरिकी सरकार संयुक्त अरब अमीरात, दोहा और बहरीन में अपने नागरिकों से 'घर के अंदर ही सुरक्षित रहने' की अपील करती है."
अमेरिका-इसराइल के ईरान पर हमलों और ईरान की जवाबी कार्रवाई पर दुनियाभर के देशों की प्रतिक्रिया सामने आ रही है.
इन हमलों के बाद भारत ने ईरान और खाड़ी क्षेत्र में बने हालात पर चिंता जाहिर की है. वहीं रूस और चीन ने ईरान पर अमेरिका-इसराइल के हमलों की निंदा की है. जबकि पाकिस्तान ने ईरान और अमेरिका के बीच न्यूक्लियर डील नाकाम होने पर चिंता जताई है.
यूरोपीय देशों ने भी ईरान पर इसराइल और अमेरिका के हमले पर प्रतिक्रिया दी है.
सऊदी अरब,और कतर ने अपनी जमीन पर किए गए ईरान के हमलों की निंदा की है और जवाबी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है.

भारत में, एलपीजी गैस की कीमतों में इज़ाफ़ा होता दिख रहा है. इसकी सप्लाई को लेकर अनिश्चितता का दौर जारी है. एलपीजी की कीमतों और उपलब्धता पर दबाव बढ़ता दिख रहा है और देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं. यहां लोगों को कैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है? बीबीसी के रिपोर्टर्स ने देश के अलग-अलग हिस्सों में यही जानने की कोशिश की.












