
ईरानी जहाज़ के श्रीलंका के पास डूबने की ख़बर, क़तर पर ईरान का मिसाइल हमला
BBC
अमेरिका-इसराइल और ईरान युद्ध के पांचवे दिन क़तर पर ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल से हमला करने की ख़बर है. वहीं इसराइल ने तेहरान समेत ईरान के कई शहरों में हमले तेज़ कर दिए हैं.
श्रीलंका की नौसेना और वायुसेना को एक ईरानी नेवल शिप के डूबने की ख़बर मिलने के बाद ईरानी नाविकों को बचाने के लिए भेजा गया है.
श्रीलंकाई अधिकारियों ने ये जानकारी दी. जब ये जहाज़ श्रीलंकाई तट के पास डूबने लगा तो एक डिस्ट्रेस कॉल भेजा गया था.
श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने संसद को बताया कि "आईआरआईएस डेना" नाम के पोत से तड़के एक आपातकालीन संकेत मिला.
बताया जा रहा है कि जहाज़ पर लगभग 180 लोग सवार थे.
हेराथ ने कहा कि जहाज़ पर सवार 30 घायल नाविकों को श्रीलंका के गॉल बंदरगाह के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जहाज़ के डूबने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है.
विपक्ष के एक सांसद ने सवाल उठाया कि क्या ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिका–इसराइल के हमलों के तहत इस जहाज़ पर बमबारी की गई थी.

भारत में, एलपीजी गैस की कीमतों में इज़ाफ़ा होता दिख रहा है. इसकी सप्लाई को लेकर अनिश्चितता का दौर जारी है. एलपीजी की कीमतों और उपलब्धता पर दबाव बढ़ता दिख रहा है और देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं. यहां लोगों को कैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है? बीबीसी के रिपोर्टर्स ने देश के अलग-अलग हिस्सों में यही जानने की कोशिश की.












