
अमेरिका में लहराया भारतीय मूल का परचम, National Drug Control Policy के डायरेक्टर बनाए गए डॉ राहुल गुप्ता
ABP News
NDCP: भारतीय-अमेरिकी नागरिक डॉ राहुल गुप्ता को राष्ट्रीय औषधि नियंत्रण नीति के कार्यालय के निदेशक के रूप में कार्यभार सौंपा गया है. वह व्हाइट हाउस ONDCP का नेतृत्व करने वाले पहले चिकित्सक हैं.
National Drug Control Policy: व्हाइट हाउस ने एक बयान जारी करते हुए जानकारी दी है कि संयुक्त राज्य अमेरिका की सीनेट ने गुरुवार को डॉ राहुल गुप्ता को राष्ट्रीय औषधि नियंत्रण नीति के कार्यालय के निदेशक के रूप में काम करने की पुष्टि की है. इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भारतीय-अमेरिकी नागरिक डॉ राहुल गुप्ता को अमेरिका के शीर्ष दवा नीति अधिकारी के रूप में नामित करने का फैसला किया था. व्हाइट हाउस के जारी किए बयान के अनुसार डॉ राहुल गुप्ता, व्हाइट हाउस ऑफिस ऑफ नेशनल ड्रग कंट्रोल पॉलिसी (ONDCP) का नेतृत्व करने वाले पहले चिकित्सक हैं. इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए डॉ गुप्ता ने कहा 'एक अभ्यास करने वाले चिकित्सक और पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी के रूप में, जिन्होंने ग्रामीण समुदायों में सेवा दी है.'
उन्होंने आगे कहा कि 'मैंने पहली बार हमारे समुदायों में नशे की लत और अधिक मात्रा में दिल दहला देने वाले मामले देखे हैं, लेकिन मैंने यह भी देखा है कि अगर हम आंकड़ों के पीछे के व्यक्तियों को समझें तो हम उनकी जान बचा सकते हैं.' उन्होंने हाल ही में जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन में मेडिसिन विभाग में क्लिनिकल प्रोफेसर के साथ-साथ वेस्ट वर्जीनिया यूनिवर्सिटी में स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ में स्वास्थ्य नीति, प्रबंधन के रूप में सेवा दी है.













