
NIA Case: कश्मीर में साजिश रच रही थीं ये तीन महिलाएं, आसिया अंद्राबी को उम्रकैद, दोनों सहयोगियों को 30-30 साल की सजा
ABP News
NIA Case: NIA कोर्ट ने बड़ा फैसला लेते हुए कश्मीर साजिश केस में आसिया अंद्राबी को उम्रकैद और दो सहयोगियों को 30-30 साल की सजा सुनाई है.
दिल्ली की NIA विशेष अदालत ने कश्मीर अलगाववाद से जुड़े 2018 के बड़े साजिश के मामले में फैसला सुनाते हुए प्रतिबंधित संगठन दुख्तरान-ए-मिल्लत (DeM) की तीन महिला ऑपरेटिव्स को कड़ी सजा दी है. कोर्ट ने संगठन की मुखिया आसिया अंद्राबी को उम्रकैद की सजा सुनाई है.जबकि उसकी सहयोगी सोफी फहीमीदा और नाहिदा नसीरीन को 30-30 साल की जेल के साथ जुर्माना लगाया गया है.
ये मामला साल 2018 का है, जब NIA ने खुद संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया था. जांच में सामने आया था कि ये तीनों आरोपी मिलकर कश्मीर को भारत से अलग करने की साजिश में सक्रिय थीं और संगठन के जरिए अलगाववादी गतिविधियों को बढ़ावा दे रही थीं. कोर्ट ने जनवरी 2026 में ही तीनों को UAPA और IPC की कई गंभीर धाराओं में दोषी ठहराया था अब सजा सुनाते हुए कोर्ट ने साफ कहा कि इन लोगों ने देश की एकता, सुरक्षा और संप्रभुता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की.
NIA की जांच क्या सामने आया?
NIA की जांच में ये भी सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया, वीडियो और इंटरव्यू के जरिए लोगों को भड़काने, नफरत फैलाने और हिंसा के लिए उकसाने का काम कर रहे थे. खास तौर पर कश्मीर में जिहाद और अलगाववाद को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही थी. आसिया अंद्राबी पर पहले से ही 30 से ज्यादा मामले दर्ज है. वो आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकी आशिक हुसैन फक्तू की पत्नी है, जो पहले से ही उम्रकैद की सजा काट रहा है. सोफी फहीमीदा और नाहिदा नसीरीन पर भी कई अन्य केस दर्ज है.













