
EXCLUSIVE: 'भारत की भूमिका, सीजफायर होना है तो...', इजरायल के राजदूत ने बताया किन शर्तों पर ईरान से रुकेगी जंग
ABP News
Iran-Israel War: ईरान-इजरायल युद्ध पर भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि हम ईरान के सामने सीज़फायर के लिए कड़ी शर्तें रखेंगे.
ईरान और इजरायल के बीच चल रही जंग के बीच सीज़फायर को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं. इसी बीच भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार ने एबीपी को दिए एक इंटरव्यू में कई अहम बातें कही हैं, जिससे इस पूरे मुद्दे पर इजरायल का रुख साफ होता है. राजदूत ने कहा कि इजरायल पूरी तरह से अमेरिका के साथ खड़ा है और अमेरिका के उन प्रयासों की सराहना करता है, जो इस युद्ध को खत्म करने के लिए किए जा रहे हैं. उन्होंने यह भी साफ किया कि शांति के लिए कुछ शर्तें जरूरी हैं.
रूवेन अजार ने कहा कि अगर सीज़फायर होना है तो ईरान को अपना परमाणु कार्यक्रम बंद करना होगा, यूरेनियम संवर्धन रोकना होगा और बैलेस्टिक मिसाइल प्रोग्राम खत्म करना होगा. इसके साथ ही ईरान को हिज़्बुल्लाह, हूती और हमास जैसे समूहों को समर्थन देना भी बंद करना होगा. राजदूत के अनुसार, इजरायल सीधे तौर पर ईरान से नहीं बल्कि उस खतरे से लड़ रहा है, जो ईरान की नीतियों से पैदा होता है. उनका कहना है कि ईरान लंबे समय से इजरायल के अस्तित्व को चुनौती देता रहा है, इसलिए यह कार्रवाई की जा रही है.
अमेरिका-इजरायल रिश्तों पर रूवेन अजार का बयान
अमेरिका और इजरायल के रिश्तों पर रूवेन अजार ने कहा कि दोनों देश इस मुद्दे पर एक ही सोच रखते हैं और पूरी तरह एक साथ हैं. इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान की बातचीत पर कहा कि बातचीत की लोकेशन हमारे लिए महत्वपूर्ण नहीं है, महत्वपूर्ण यह है कि आउटकम क्या होता है? यह अमेरिका को डिसाइड करना है. ईरान की स्थिति पर राजदूत ने कहा कि ईरान में जल्द ही सत्ता परिवर्तन होगा. बस यह कुछ समय की ही बात है. ईरान की जनता उन्हें उखाड़ फेंकेगी. मुज्तबा खामेनेई पर कहा कि उन्हें कोई छूट नहीं है. अच्छी बात यह है कि ईरान इस समय आइसोलेट है. उसे जिन देशों से मदद की उम्मीद थी, वो उसे नहीं मिल पा रही है.













