
अब खुल ही जाएगा होर्मुज स्ट्रेट! 50 दिन बाद ट्रंप ने PM मोदी को घुमाया फोन, भारत-अमेरिका का साझा प्लान क्या?
ABP News
Modi-Trump Phone Call: मिडिल ईस्ट वॉर की वजह से दुनिया भर में तेल, गैस और खाद की किल्लत हो रही है. इससे निपटने के लिए डोनाल्ड ट्रंप ने PM मोदी से फोन पर लंबी बात की है. तो क्या बातचीत हुई है?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को फोन पर लंबी बातचीत की. दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात पर चर्चा की. भारत ने साफ कहा कि इलाके में जल्द से जल्द शांति वापस आए और हॉर्मुज स्ट्रेट पूरी दुनिया के लिए खुला और सुरक्षित बना रहे.
PM मोदी और ट्रंप के बीच क्या बातचीत हुई?
यह दोनों नेताओं के बीच इजरायल-अमेरिका के ईरान पर 28 फरवरी 2026 को हमले के बाद पहली फोन कॉल थी. अब यह संघर्ष चौथे हफ्ते में पहुंच चुका है. हॉर्मुज स्ट्रेट बंद होने से ईंधन और जरूरी सामान की सप्लाई प्रभावित हो रही है, जिससे भारत समेत कई देशों को परेशानी हो रही है.
प्रधानमंत्री मोदी ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इस बातचीत की जानकारी दी. उन्होंने लिखा, 'ट्रंप का फोन आया. पश्चिम एशिया की स्थिति पर उपयोगी चर्चा हुई. भारत डी-एस्केलेशन और जल्द शांति का पूरी तरह समर्थन करता है. हॉर्मुज स्ट्रेट को खुला, सुरक्षित और सबके लिए पहुंच योग्य रखना पूरी दुनिया के लिए जरूरी है.' PM मोदी ने आगे कहा कि दोनों देश शांति और स्थिरता के प्रयासों पर संपर्क में बने रहेंगे.













