
JDU ने CM पद पर ठोका दावा, विधायक की मांग, 'निशांत कुमार को बनाया जाए मुख्यमंत्री'
ABP News
Bihar New CM: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद बिहार में बीजेपी का सीएम बनने की चर्चा है. इस बीच जेडीयू ने अब इस पद पर दावा ठोक दिया है.
बिहार में BJP का मुख्यमंत्री बनने की बात हो रही है. इसी बीच जेडीयू ने CM पद पर दावा ठोक दिया. जेडीयू विधायक ने मांग की है कि हमारे कोटे से मुख्यमंत्री हो और निशांत को मुख्यमंत्री बनाया जाए. पटना में सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई जेडीयू नेताओं की बैठक के बाद बेनीपुर से पार्टी के विधायक विनय चौधरी ने बड़ा बयान दे दिया. उन्होंने एबीपी न्यूज़ से बातचीत में कहा कि हम लोग चाहते हैं कि बिहार में जेडीयू का मुख्यमंत्री बने और निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाए.
विनय चौधरी ने कहा, "नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले से हम लोग सहमत नहीं हैं. फैसला मंजूर नहीं. कई विधायकों में नाराजगी है. नीतीश कुमार के चेहरे पर NDA को प्रचंड जनादेश मिला. नीतीश को पांच साल बिहार में मुख्यमंत्री रहना चाहिए. अपनी भावनाओं से हम लोगों ने उन्हें अवगत कराया. बैठक में तो उन्होंने कहा चिंता मत करिए. मैं सब देखता रहूंगा. हम लोगों ने बैठक में कहा कि निशांत को राजनीति में ले आइये तो नीतीश कुमार ने इस पर कुछ नहीं कहा. संजय झा ने कहा की निशांत कल जेडीयू में शामिल होंगे. हम लोग चाहते है कि जेडीयू कोटे से मुख्यमंत्री हो और निशांत मुख्यमंत्री बनें. नीतीश कुमार को अंतिम निर्णय लेना है."
CM नीतीश कुमार की बैठक, विधायकों से कहा, 'मैं राज्यसभा जा रहा हूं, आप लोगों को कोई...'
वहीं इस इस बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में JDU के एमएलसी नीरज कुमार ने कहा, "आज JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उपस्थिति में सांसद और मंत्रीगण और विधानमंडल की बैठक हुई है. बैठक में सर्वसम्मति से उनके फैसले के साथ खड़ी है क्योंकि उन्होंने पार्टी को बनाया है तो JDU का विधानमंडल और संसद सदस्य आपके साथ है. साथ ही कार्यकारी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह जी ने कहा कि विधायक ने मांग किया कि निशांत कुमार को राजनीति में आना चाहिए. विधायकों और मंत्रियों ने इस फैसले का स्वागत किया है. निशांत कुमार ने तय किया है कि वह बिहार का दौरा भी करेंगे."













