
Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 23 मार्च 2026 की शाम की टॉप खबरें और अन्य समाचार
AajTak
अमेरिका ने ईरान के पावर प्लांट पर हमला का फैसला 5 दिन के लिए टाल दिया है. वहीं, वेस्ट एशिया में युद्ध का असर भारतीय शेयर मार्केट में दिखा, सोमवार को दोनों इंडेक्स रेड जोन में बंद हुए.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल ईरानी पावर प्लांट्स पर हमला 5 दिनों के लिए टाल दिया है. वहीं, वेस्ट एशिया संकट के चलते भारतीय शेयर मार्केट में भारी गिरावट रही. इन खबरों के अलावा, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी किया. पढ़ें सोमवार शाम की बड़ी खबरें.
ईरान के खिलाफ जंग में ब्रेक! ट्रंप का ऐलान- पांच दिन तक पावर प्लांट पर नहीं करेंगे अटैक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने ईरानी पावर प्लांट्स और ऊर्जा ढांचे पर किसी भी सैन्य हमले को 5 दिनों के लिए टाल दिया है. ट्रंप ने यह फैसला पिछले दो दिनों में अमेरिका-ईरान के बीच हुई बेहद सकारात्मक बातचीत के बाद लिया है. उन्होंने दावा किया कि दोनों देशों के बीच तनाव को ख़त्म करने को लेकर चर्चा चल रही है.
Stock Market Crash Reason: ये 5 कारण... जिनसे शेयर बाजार में भूचाल, 12 लाख करोड़ स्वाहा!
शेयर बाज़ार में सोमवार को बड़ा क्रैश देखने को मिला और ये मार्केट क्लोज़ होने तक जारी रहा. कारोबार के अंत में BSE का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1836 अंक की बड़ी गिरावट लेकर 72,696 पर बंद हुआ, तो वहीं NSE के निफ्टी ने 601 अंक फिसलकर 22,512 पर क्लोज़िंग की. इस गिरावट के बीच निवेशकों को करीब 12 लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा.
'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में रुकावट अस्वीकार्य', लोकसभा से पीएम मोदी का दुनिया को बड़ा मैसेज

इजरायल अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है और भारत भी इससे अछूता नहीं है, इस युद्ध के चलते भारत में भी ऊर्जा संकट पैदा हो रहा था, इसी संकट को लेकर पीएम मोदी ने आज संसद में पहली बार सार्वजनिक तौर पर बयान दिया. पश्चिम एशिया में जंग के हालातों पर पीएम मोदी ने लोकसभा में 25 मिनट की स्पीच दी उन्होंने कहा कि तनाव खत्म होना चाहिए. बातचीत से ही समस्या का समाधान है. पीएम ने कहा कि नागरिकों और पावर प्लांट पर हमले मंजूर नहीं हैं. होमुर्ज का रास्ता रोकना स्वीकार नहीं होगा ‘सरकार की कोशिश है कि देश में तेल-गैस संकट न हो. इसके लिए 27 की जगह अब 41 देशों से इंपोर्ट कर रहे हैं. पश्चिम एशिया में एक करोड़ भारतीय रहते हैं. उनकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है.

हैदराबाद में आगामी रामनवमी शोभा यात्रा को लेकर गोशामहल के विधायक टी. राजा सिंह ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि साल 2010 से लगातार शोभा यात्रा आयोजित की जा रही है, लेकिन हर साल पुलिस की ओर से बाधाएं खड़ी की जाती हैं. उनका आरोप है कि सिदंबर बाजार, पुराना पुल और बेगम बाजार जैसे इलाकों में विशेष रूप से लाठीचार्ज के लिए टास्क फोर्स तैनात की जाती है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि हर साल उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाती है और इस बार भी पुलिस अपनी गलतियों का ठीकरा उन पर फोड़ सकती है.

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लोगों ने ईरान के समर्थन में सोना, चांदी और नकद दान किया. यह कदम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है. लोग एक जगह इकट्ठा होकर मदद के लिए आगे आए. बडगाम के विधायक मुंतज़िर मेहदी ने भी एक महीने की सैलरी दान करने की घोषणा की. यह घटना दिखाती है कि अंतरराष्ट्रीय संघर्ष का असर दूर तक हो रहा है और लोग इंसानियत के लिए साथ खड़े हो रहे हैं.










