
Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 18 मार्च 2026 की सुबह की टॉप खबरें और अन्य समाचार
AajTak
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज संकट के बीच देश में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है. वहीं, बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने चारधाम यात्रा के दौरान बद्रीनाथ मंदिर और केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में गैर-सनातनी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक की बात कही है.
केंद्र सरकार ने बताया कि होर्मुज स्ट्रेट संकट के बीच देश में LPG प्रोडक्शन 38 फीसदी बढ़ाया गया. वहीं, बद्रीनाथ मंदिर और केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में अब गैर सनातनी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी. इन खबरों के अलावा, क्रिकेटर कुलदीप यादव की शादी के ग्रैंड रिसेप्शन में सीएम योगी समेत कई दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं. पढ़ें बुधवार सुबह की बड़ी खबरें.
'LPG प्रोडक्शन 38% बढ़ा, पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार', ऊर्जा संकट टालने के लिए एक्शन मोड में सरकार स्ट्रेट ऑफ होर्मुज संकट के बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है. एलपीजी का प्रोडक्शन भी 38 प्रतिशत तक बढ़ा दिया गया है. सभी रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता से काम कर रही हैं. केंद्र सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर ईंधन की खरीदारी न करें.
चारधाम यात्रा से पहले बड़ा फैसला, केदारनाथ और बद्रीनाथ मंदिर में गैर-सनातनियों के प्रवेश पर रोक बद्रीनाथ मंदिर और केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में अब गैर-सनातनी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहेगी. बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मंदिरों की धार्मिक परंपराओं को बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है. हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर में सभी श्रद्धालुओं को आने की इजाजत होगी.
कुलदीप यादव का लखनऊ में ग्रैंड रिसेप्शन, सीएम योगी समेत कई दिग्गज हस्तियां पहुंचीं टीम इंडिया के स्पिनर कुलदीप यादव की शादी के बाद मंगलवार को लखनऊ में उनका भव्य रिसेप्शन आयोजित हुआ. सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके रिसेप्शन में शामिल हुए. सीएम योगी ने कुलदीप और वंशिका को आशीर्वाद दिया. उन्होंने क्रिकेटर के परिजनों के साथ फोटो भी खिंचाई. कुलदीप यादव ने 14 मार्च को वंशिका सिंह के साथ शादी की थी.
नोएडा में जमीन रजिस्ट्री अब होगी और आसान, बुजुर्गों के लिए आई स्कैन की सुविधा शुरू उत्तर प्रदेश के नोएडा में जमीन की रजिस्ट्री कराना अब पहले से ज्यादा आसान और सुरक्षित होगा. सरकार ने एक नई सुविधा शुरू करने का फैसला किया है जिसमें अंगूठे के निशान की जगह आंख (आईरिस) स्कैन से पहचान की जाएगी. अधिकारी अरुण कुमार शर्मा के मुताबिक जल्द ही यह सुविधा शुरू होगी. इस बदलाव से सबसे ज्यादा फायदा बुजुर्गों को होगा.
चुनाव से पहले असम में कांग्रेस को बड़ा झटका, सांसद प्रद्युत बोरदोलोई का इस्तीफा असम विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को एक और तगड़ा झटका लगा है. नगांव से लोकसभा सांसद और पूर्व मंत्री प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. वह जल्द ही बीजेपी का दामन थाम सकते हैं, जिससे राज्य का सियासी समीकरण बदल सकता है. उन्होंने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया है.

पिछले 18 दिनों से अमेरिका, इजरायल और ईरान के युद्ध का मोर्चा खुला हुआ है. और उधर पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के साथ जंग का एक और फ्रंट खोल दिया है. बीती रात पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक करके एक अस्पताल के 400 मरीज मार डाले. पाकिस्तान को ये लग रहा है कि जब दुनिया का ध्यान ईरान पर है तो वो अफगानिस्तान में कत्लेआम मचा सकता है. और वो इससे बच जाएगा. लेकिन ऐसा होगा नहीं. क्योंकि अब तालिबान ने भी अपने निर्दोष नागरिकों की हत्या का बदला लेना की कसम खा ली है.

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि इजरायल ने ईरान के अली लारिजानी और बसीज कमांडर को मार गिराया है. उन्होंने कहा कि इन हमलों का मकसद ईरान की व्यवस्था को कमजोर करना है. नेतन्याहू के अनुसार, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मिलकर सैन्य सहयोग जारी है और आगे भी कई बड़ी योजनाएं तैयार हैं.











