
होर्मुज से पाकिस्तान का तेल टैंकर गुजरेगा या नहीं? जंग के बीच ईरान ने लिया बड़ा फैसला
ABP News
Iran Israel US War: पाकिस्तान ने कहा कि ईरानी अधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद उसका जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पार गया है. ईरान और ओमान के बीच संकरे समुद्री रास्ते में सैकड़ों जहाज फंसे हुए हैं.
ईरान ने एक पाकिस्तानी कर्मिशयल तेल टैंकर को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के अपने हिस्से से गुजरने की अनुमति दी है. पाकिस्तान नेशनल शिपिंग कॉर्पोरेशन (पीएनएसी) के प्रवक्ता फारूक निजामी ने बताया कि लगभग 1,09,990 टन कच्चा तेल लाने वाला जहाज ‘एमटी कराची’ बुधवार (18 मार्च 2026) को कराची बंदरगाह पहुंचेगा.
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जारी जंग के कारण वाणिज्यिक समुद्री यातायात बाधित होने के बीच जहाज ने ईरानी अधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सफलतापूर्वक पार कर लिया. निजामी ने बताया कि तेल टैंकर ने 15 मार्च को होर्मुज को पार किया. अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर हमले शुरू करने के बाद से ईरान और ओमान के बीच संकरे समुद्री रास्ते में सैकड़ों जहाज फंसे हुए हैं.
मिडिल ईस्ट तनाव का सीधा असर पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर दिखने लगा है. ईंधन की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के बाद सरकार ने दो महीने के लिए सख्त अस्टेरिटी पैकेज लागू करने की घोषणा की है. मिडिल ईस्ट का संकट ऐसे समय में आया है, जब पाकिस्तान पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर है. अफगानिस्तान से युद्ध और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के साथ लगातार लड़ाई ने इसकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.
पाकिस्तान के लिए हालात इतने खराब हैं कि उसे अपनी बची-खुची अर्थव्यवस्था को भी बचाना होगा. इस्लामाबाद ने अब अपनी अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए कई कदम उठाए हैं और कई मोर्चों पर कई कटौतियों की घोषणा की है. केंद्रीय और प्रांतीय सरकारी विभागों में सरकारी गाड़ियों को 60 फीसदी तक सड़क से दूर रखने का फैसला किया गया है. सरकारी ऑफिस में ग्रेड-20 के अधिकारी जो 3,00,000 रुपए से ज्यादा कमाते हैं, उनसे अपनी मर्जी से दो दिन की सैलरी छोड़ने को कहा गया है. हालांकि, यह स्वास्थ्य और शिक्षा सेक्टर के लोगों पर लागू नहीं होता है.













