
चिराग पासवान ने बढ़ा दी तेजस्वी यादव की टेंशन! RJD के विधायकों को लेकर अब किया बड़ा दावा
ABP News
Chirag Paswan News: केंद्रीय मंत्री और LJP (R) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने आरजेडी के विधायकों को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि RJD के कई विधायक उनके संपर्क में हैं.
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में आरजेडी की बड़ी टूट होने जा रही है. उन्होंने ये भी दावा किया कि बड़ी संख्या में उनके विधायक हमारे संपर्क में हैं. उन्होंने कांग्रेस में भी टूट का दावा किया. बिहार में राज्यसभा चुनाव में पांचों सीटों पर एनडीए की जीत के बाद चिराग पासवान ने आरजेडी विधायकों को लेकर इस तरह का दावा कर राज्य का सियासी पारा चढ़ा दिया है.
इससे पहले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि राज्यसभा चुनावों के दौरान विपक्ष में बिखराव साफ दिखाई दिया, यहां तक कि RJD के अपने विधायक भी अनुपस्थित थे, और कांग्रेस के भी कई विधायक अनुपस्थित थे. उन्होंने ये भी कहा कि हमें शुरू से ही ये विश्वास था कि एनडीए के सभी 5 उम्मीदवारों की जीत में कोई दिक्कत नहीं आएगी. एनडीए पूरी तरह एकजुट था और हम एकता के साथ आगे बढ़े.
राज्यसभा चुनाव में NDA को मिली जीत और महागठबंधन को मिली हार पर पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने दावा किया कि अगर कुछ लोगों ने धोखा नहीं दिया होता तो हमारी जीत तय थी. उन्होंने कहा, ''महागठबंधन के पास शुरुआत में मजबूत बढ़त थी. पहले से ही तय था कि पांचवें प्रत्याशी के लिए हमारे पास 6 और एनडीए के पास 3 वोट कम थे. इसके बाद भी हमने लड़ना पसंद किया, न कि उनके सामने झुकना.'' उन्होंने एक बार फिर से बीजेपी पर छल, कपट, धनबल और मशीन तंत्र के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया.
राज्यसभा चुनाव को लेकर सोमवार (16 मार्च) को वोटिंग के बाद नतीजे घोषित किए गए. इसमें एनडीए के सभी उम्मीदवारों नीतीश कुमार, नितिन नवीन, उपेंद्र कुशवाहा, रामनाथ ठाकुर और शिवेश राम को विजयी घोषित किया गया. बताया गया कि एनडीए के पांचवें उम्मीदवार शिवेश कुमार को द्वितीय वरीयता के आधार पर जीत मिली है. चुनाव में महागठबंधन की ओर से RJD ने अमरेंद्र धारी सिंह को मैदान में उतारा था, जिसके बाद पांचवीं सीट को लेकर सस्पेंस बढ़ गया था.













