
राज्यसभा में उद्धव गुट के सांसद संजय राउत बोले, 'ईरान की मेहरबानी से तो आपके...'
ABP News
Sanjay Raut News: संजय राउत ने राज्यसभा में कहा कि मुंबई में करीब 20 लाख वड़ा पाव रोज बिकते थे. अब सिलेंडर की कमी की वजह से 5 लाख बिक रहे हैं.
राज्यसभा में मंगलवार (17 मार्च) को शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने एलपीजी सिलेंडर के मुद्दे पर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि यहां सरकार कह रही है कि सब ठीक है लेकिन बाहर जाकर देखें कि क्या परिस्थिति है. उन्होंने कहा कि काशी में सालों से चल रही अन्नपूर्णा महामंदिर की रसोई बंद हो गई है. यहां रोज 10-15 हजार श्रद्धालु रोज प्रसाद खाते थे. लेकिन गैस सिलेंडर की शॉर्टेज से ये बंद हो गई है. उन्होंने कहा कि ईरान की मेहरबानी से तो आपके दो जहाज छूटे हैं. ये भूलो मत.
राज्यसभा सांसद ने कहा कि महाराष्ट्र के शिरडी में प्रसाद को दो लड्डू मिलते थे, अब सिलेंडर नहीं है तो एक ही लड्डू देते हैं. प्रसाद की थाली में भी कटौती की गई है. मुंबई में हर दिन करीब 20 लाख वड़ा पांव बिकते थे, अब गैस की किल्लत की वजह से 5 लाख वड़ा पाव बिक रहे हैं.
पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश में गैस का भीषण संकट चल रहा है, लोग चिंता में हैं लेकिन देश के प्रधानमंत्री चुनाव की रैली में व्यस्त हैं. उन्हें अभी दिल्ली में होना चाहिए था. सभी दलों के साथ मीटिंग करनी चाहिए थी.
संजय राउत ने ये भी कहा कि भारत का रुपया लगातार कमजोर हो रहा है. महंगाई बढ़ रही है. युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है. किसानों की हालत गंभीर है. महाराष्ट्र में 17 किसानों ने कर्ज चुकाने के लिए अपनी किडनी बेची है.













