
सुपर-8 में भारतीय टीम का पहला इम्तिहान, प्लेइंग-11 में बदलाव तय! साउथ अफ्रीका का क्या होगा गेम प्लान
AajTak
भारतीय टीम ने पिछले साल दिसंबर में साउथ अफ्रीका को टी20 सीरीज में 3-1 से पराजित किया था. अब मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम मेहमानों को रौंदना चाहेगी. वैसे भारतीय टीम के लिए चिंता का सबब सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की फॉर्म है. अभिषेक लगातार तीन पारियों में डक पर आउट हुए हैं.
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 राउंड के मैचों का दौर जारी है. सुपर-8 स्टेज में भारतीय टीम का पहला मुकाबला रविवार (22 फरवरी) को साउथ अफ्रीका से होना है. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाएगा. मुकाबले में सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे. वहीं एडेन मार्करम साउथ अफ्रीकी दल की कमान संभालेंगे. यह मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल की याद दिलाने जा रहा है.
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा की वर्ल्ड कप से छुट्टी तय? कप्तान सूर्या ने सुपर-8 से पहले बताया गेम प्लान
डिफेंडिंग चैम्पियन भारत जहां लगातार चार जीत के साथ मैदान में उतरेगा. वहीं साउथ अफ्रीका भी चार मैचों की जीत की लय में है. हालांकि, भारतीय टीम को इस टूर्नामेंट में स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ थोड़ी परेशानी हुई है. ऐसे में साउथ अफ्रीका के स्पिनर्स जॉर्ज लिंडे और केशव महाराज भारतीय बल्लेबाजों की इस कमजोरी को भुनाने की कोशिश करेंगे. साउथ अफ्रीका ने ग्रुप-डी में अपने तीन मैच अहमदाबाद में खेले थे, जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ डबल सुपर ओवर में मिली जीत खास रही. इससे उन्हें स्थानीय परिस्थितियों का अनुभव है.
भारतीय टीम ये बदलाव करेगी इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में एक बदलाव होना तय है. नीदरलैड्स के खिलाफ मुकाबले में उप-कप्तान अक्षर पटेल को रेस्ट दिया गया था. अब इस बिग गेम के लिए उनकी प्लेइंग-11 में वापसी होगी. अक्षर के खेलने की स्थति में ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को बाहर बैठना पड़ेगा. इसके अलावा कोई और फेरबदल होने की संभावना नहीं है. ओपनर अभिषेक शर्मा ने लगातार तीन पारियों में खाता जरूर नहीं खोला है, लेकिन उनपर टीम मैनेजमेंट का भरोसा कायम है.
उधर साउथ अफ्रीका ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में चार बदलाव किए थे. स्पिनर केशव महाराज, ऑलराउंडर मार्को जानसेन, फास्ट बॉलर लुंगी एनगिडी और मिडिल ऑर्डर बैटर डेविड मिलर को उस मैच में रेस्ट दिया गया था. ये चारों धुरंधर अब इस मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में लौटेंगे.
मुकाबले में भारत की संभावित प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती.

IPL 2026 से पहले कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को बड़ा झटका लगा है. आकाश दीप और जैक एडवर्ड्स चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह सौरभ दुबे और डेविड पायन को टीम में शामिल किया गया है. दुबे KKR से 30 लाख में जुड़े हैं, जबकि पायन SRH के लिए 1.5 करोड़ में खेलेंगे.












