
IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स के बिकने से शेन वॉर्न के बच्चे मालामाल, 3% हिस्सेदारी बनेगी करोड़ों का खजाना!
AajTak
राजस्थान रॉयल्स की $1.63 बिलियन में बिक्री के बाद शेन वॉर्न की 3% हिस्सेदारी की वैल्यू में भारी उछाल आया है. 2008-11 के दौरान मिली यह हिस्सेदारी अब करोड़ों डॉलर की हो सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह बड़ी रकम उनके बच्चों ब्रुक, जैक्सन और समर वॉर्न को मिलने की संभावना है.
Shane warne equity in rajasthan royals: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम राजस्थान रॉयल्स (RR) की हालिया मेगा डील के बाद दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है. फ्रेंचाइजी की बिक्री के बाद वॉर्न के बच्चों को उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा आर्थिक फायदा मिल सकता है.
राजस्थान रॉयल्स को हाल ही में $1.63 बिलियन (करीब ₹ 15,290 करोड़) में बेचा गया, जिसने क्रिकेट जगत को हिला दिया. ऑस्ट्रेलियाई डॉलर में यह रकम करीब $2.3 बिलियन (करीब 460 करोड़ भारतीय रुपए) बैठती है. इस डील के बाद वॉर्न की पुरानी हिस्सेदारी की वैल्यू में जबरदस्त उछाल आया है.
वॉर्न का 2022 में 52 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था. उन्होंने 2008 में IPL के पहले सीजन के दौरान रिटायरमेंट से वापसी करते हुए राजस्थान रॉयल्स में निवेश किया था. उस समय उन्होंने खिलाड़ी, कप्तान और कोच की तीनों भूमिकाएं निभाईं और टीम को पहले ही सीजन में चैम्पियन बनाकर इतिहास रच दिया था.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें उस दौरान हर साल $657,000 की सैलरी दी गई थी और साथ ही हर साल के लिए 0.75% हिस्सेदारी भी मिली. 2008 से 2011 तक चार साल के दौरान यह हिस्सेदारी बढ़कर कुल 3% हो गई.
शुरुआत में यह निवेश बहुत बड़ा नहीं माना गया था, लेकिन IPL के दुनिया की सबसे अमीर लीग्स में शामिल होने के बाद इसकी वैल्यू आसमान छू गई. जुलाई 2021 में राजस्थान रॉयल्स की वैल्यू करीब $340 मिलियन आंकी गई थी, जिससे वॉर्न की हिस्सेदारी लगभग $10 मिलियन थी.
लेकिन हालिया डील के बाद यह रकम कई गुना बढ़ चुकी है. अब अनुमान लगाया जा रहा है कि वॉर्न की यह 3% हिस्सेदारी एक बड़ी रकम में बदल सकती है, जो उनके तीनों बच्चों ब्रूक वॉर्न, जैक्सन वॉर्न और समर वॉर्न को मिलने की संभावना है.

IPL 2026 से पहले कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को बड़ा झटका लगा है. आकाश दीप और जैक एडवर्ड्स चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह सौरभ दुबे और डेविड पायन को टीम में शामिल किया गया है. दुबे KKR से 30 लाख में जुड़े हैं, जबकि पायन SRH के लिए 1.5 करोड़ में खेलेंगे.












