
'ये हिंदू राष्ट्र, यहां सेक्युलर जैसा कुछ नहीं, बाबा साहेब ने...', नितेश राणे का विवादित बयान
ABP News
Nitesh Rane News: महाराष्ट्र् के मंत्री नितेश राणे ने कहा कि यह हिंदू राष्ट्र है, यहां 90 फीसदी हिंदू ही रहते हैं. यहां पहले हिंदुओं को ही देखा जायेगा, फिर बाकी लोगों को गिना जायेगा.
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने एक बार फिर चेतावनी देते हुए कहा है कि कोई भी अगर हिंदुओं की तरफ गलत नजर से देखेगा तो ये सरकार उन्हें छोड़ने वाली नहीं है. उन्होंने एक बार फिर पुरानी बातों का जिक्र करते हुए कहा कि '15 मिनट पुलिस हटाओ और फिर देखो' ऐसा कहने पर हमारा जवाब तुरंत आना चाहिये था, अरे पंद्रह मिनट तो छोड़ो सिर्फ पांच मिनट पुलिस हटा कर देखो तुम्हे तुम्हारे पाकिस्तान में बैठे अब्बा के पास नहीं भेज दिया तो खुद को हिन्दू नहीं बोलेंगे.
नागपुर हिंदू संमेलन में नितेश राणे ने कहा, ''यह हिंदू राष्ट्र ही है, यहां 90% हिंदू ही रहते है. पाकिस्तान और बांग्लादेश इस्लामिक राष्ट्र है, यहां (भारत में) सेक्युलर नाम का कुछ है ही नहीं. बाबासाहेब आंबेडकर जी ने जो संविधान लिखा उसका जो पहला ड्राफ्ट लिखा उसमें सेकुलर नाम की कोई चीज ही नहीं थी, उल्लेख ही नहीं था. यह तो बाद में कांग्रेस वालों ने खुद को बचाने के लिये सेक्युलर शब्द डाला.''
उन्होंने आगे कहा, ''इस देश में सर्वधर्म समभाव कुछ नहीं चलेगा. यहां हिंदू राष्ट्र में पहले हिंदुओं को ही देखा जायेगा, फिर बाकी लोगों को गिना जायेगा, यही भावना होनी चाहिये. यह गंगा जमुनी तहजीब वगैरह तुम लेके जाओ अपने पाकिस्तान में, यह तुम्हारे अब्बा का पाकिस्तान नहीं है. यह हिंदुओं का राष्ट्र है. यहां सभी चीजें हिंदुओं के हिसाब से ही होगी. यहां सभी भाषा, त्यौहार और संस्कृति सभी हिंदुओं के हिसाब से ही होगी.''













