
यूपी पुलिस SI परीक्षा में 'पंडित' सवाल पर घमासान, ब्रजेश पाठक बोले- यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं
ABP News
UP Police SI Exam: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में आए एक प्रश्न को लेकर जो विकल्प दिए गए, उन पर हमें कड़ी आपत्ति है. सरकार ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है.
यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा के हिंदी पेपर में आपत्तिजनक प्रश्न पूछे जाने पर विवाद खड़ा हो गया है. 'अवसर के अनुसार बदल जाने वाला' सवाल में 'पंडित' विकल्प शामिल करने पर आपत्ति जताई गई है. इस पर राजनीतिक घमासान मच गया है. बीजेपी के प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्र ने CM योगी आदित्यनाथ को इस बारे में शिकायत लिखी है. उन्होंने प्रश्न को विशेष समुदाय की भावनाएं आहत करने वाला बताते हुए जांच की मांग की है. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी इसे लेकर कड़ी नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रश्न से किसी समाज की गरिमा को ठेस पहुंचती है तो यह स्वीकार्य नहीं है.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में आए एक प्रश्न को लेकर जो विकल्प दिए गए उन पर हमें कड़ी आपत्ति है. सरकार ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है. किसी भी प्रश्न से किसी समाज या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचती है तो यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है.''
उन्होंने आगे लिखा, ''मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं कि किसी भी जाति, समुदाय या परंपरा के प्रति अपमानजनक शब्दों को कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए. इस पूरे मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं. संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. यूपी सरकार सभी समाजों के सम्मान, समानता और संवेदनशीलता के सिद्धांत पर काम करती है. प्रदेश के हर नागरिक की गरिमा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.''
पेपर सेट करने वाली कमेटी के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई है. विवादित प्रश्न को आधिकारिक रूप से अस्वीकार कर सुधार करने की मांग और साथ ही भविष्य में परीक्षा पत्र तैयार करते समय संवेदनशीलता और निष्पक्षता बरतने की अपील की गई है.













