
महाराष्ट्र: बारिश-बाढ़ से किसानों पर दोहरा संकट, खेतों में फसलें तबाह, पशुधन को भी नुकसान
AajTak
महाराष्ट्र के धाराशिव, बीड, जालना, लातूर और नांदेड जिलों में भीषण बारिश और बाढ़ से सैकड़ों गांव जलमग्न हो गए हैं. किसानों की फसलें, पशुधन और घरों को भारी नुकसान पहुंचा है. NDRF की टीम प्रभावित इलाकों में मदद पहुंचाने का काम कर रही है.
महाराष्ट्र के कई जिले भीषण बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं. धाराशिव, बीड, जालना, लातूर और नांदेड में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं. नदियां उफान पर हैं, कई तालाब टूट चुके हैं और सैकड़ों गांव जलमग्न हो गए हैं. इस आपदा ने किसानों की फसलें, पशुधन और घरों को भारी नुकसान पहुंचाया है.
धाराशिव जिले के भूम और परंडा तालुकों में सबसे गंभीर स्थिति बनी हुई है. यहां पिछले दो दिनों से हुई मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हैं. एनडीआरएफ और सेना की टीम ने अब तक 50 नागरिकों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. कई लोग घरों की छतों और पेड़ों पर फंसे हुए थे.
एक महिला ने कहा, “हमें उम्मीद ही नहीं थी कि हम जिंदा बचेंगे, लेकिन हेलिकॉप्टर की मदद से हमारी जान बच गई. हालांकि, चिंचोली गांव में एक 70 वर्षीय महिला की डूबने से मौत हो गई. प्रशासन के अनुसार, जिले के 92 गांव प्रभावित हैं, 64 हजार से अधिक किसान संकट में हैं और 62,989 हेक्टेयर फसल बर्बाद हो चुकी है.
बेलगांव पिंपलगाव के किसान विश्वनाथ आत्माराम दातखिळे ने बताया, “रात के पानी में मेरी 17 गायें मर गईं, 10 बह गई. 20 बकरियां, 150 मुर्गे, सालभर का चारा, 150 ट्रैक्टर खाद, धान्य और सोलर पंप सब बह गया, करीब 30 से 35 लाख का नुकसान हुआ है.”
घर और बाजार जलमग्न बीड जिले में भी बाढ़ ने कहर बरपाया है. शिरूर शहर में सिंदफणा नदी और पाटोदा में मांजरा नदी उफान पर आ गई. घरों और दुकानों में पानी भर गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. एक व्यापारी ने कहा, “रातभर की बारिश से बाजार की दुकानों में कीचड़ भर गया, किराना और कपड़े की बिक्री पूरी तरह ठप है” किसानों की कपास, सोयाबीन और तुअर जैसी फसलें नष्ट हो गई हैं. सिंचाई साधनों और बोरवेल को भी भारी नुकसान हुआ है.खेत तबाह, गांवों का संपर्क टूटा जालना, लातूर और नांदेड जिलों में भी लगातार बारिश से खेत जलमग्न हो गए हैं. यहां भी कपास और सोयाबीन की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं. कई गांवों का संपर्क टूटा है और बिजली आपूर्ति बाधित है. स्थानीय किसानों का कहना है कि इस बार बारिश ने सिर्फ फसल ही नहीं बल्कि खेत की उपजाऊ मिट्टी भी बहा दी है, जिससे भविष्य की खेती भी कठिन हो जाएगी. एक किसान ने सवाल उठाया, “हाथ का निवाला छिन गया, अब सरकार हमारी मदद नहीं करेगी तो हम जिएंगे कैसे?”
सरकार कर रही है तैयारी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा, “अब तक 31.64 लाख किसानों को 2215 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद मंजूर की गई है, जिसमें से 1829 करोड़ रुपये पहले ही वितरित किए जा चुके हैं, पंचनामे पूरे होते ही आर्थिक सहायता तुरंत दी जा रही है. स्थानीय प्रशासन को यह अधिकार दिया गया है कि वे मृत्य, पशुधन या घर के नुकसान जैसी घटनाओं पर त्वरित मदद दें”

हैदराबाद में आगामी रामनवमी शोभा यात्रा को लेकर गोशामहल के विधायक टी. राजा सिंह ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि साल 2010 से लगातार शोभा यात्रा आयोजित की जा रही है, लेकिन हर साल पुलिस की ओर से बाधाएं खड़ी की जाती हैं. उनका आरोप है कि सिदंबर बाजार, पुराना पुल और बेगम बाजार जैसे इलाकों में विशेष रूप से लाठीचार्ज के लिए टास्क फोर्स तैनात की जाती है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि हर साल उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाती है और इस बार भी पुलिस अपनी गलतियों का ठीकरा उन पर फोड़ सकती है.

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लोगों ने ईरान के समर्थन में सोना, चांदी और नकद दान किया. यह कदम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है. लोग एक जगह इकट्ठा होकर मदद के लिए आगे आए. बडगाम के विधायक मुंतज़िर मेहदी ने भी एक महीने की सैलरी दान करने की घोषणा की. यह घटना दिखाती है कि अंतरराष्ट्रीय संघर्ष का असर दूर तक हो रहा है और लोग इंसानियत के लिए साथ खड़े हो रहे हैं.

महाराष्ट्र के नासिक में खुद को धर्मगुरु बताने वाले अशोक कुमार खरात पर दुष्कर्म, शोषण, जबरन गर्भपात, ठगी और जमीन विवाद में हत्या जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. मामला एक गर्भवती महिला की शिकायत से सामने आया, जिसके बाद स्पाई कैमरे से 100 से ज्यादा वीडियो मिले. कई महिलाओं ने सालों तक शोषण का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है, जिसमें और बड़े खुलासों की आशंका है.










