
महाराष्ट्रः होटल मैनेजर को सबक सिखाने के लिए बता दिया सीएम शिंदे की जान को खतरा, गिरफ्तार
AajTak
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की जान को खतरा मामले में एक्टिव हुई पुलिस ने ये सूचना देने वाले को गिरफ्तार कर लिया है. मुंबई के घाटकोपर ईस्ट इलाके से पकड़े गए आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. आरोपी ने ये कहा है कि वह होटल में पानी के लिए अधिक पैसा वसूले जाने से नाराज था और होटल मैनेजर को सबक सिखाने के लिए पुलिस को फोन कर गलत जानकारी दी.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को जान को खतरा होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक मशीनरी के साथ ही खुफिया तंत्र एक्टिव मोड में आ गया था. आनन-फानन में सीएम शिंदे की सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही अन्य एहतियाती उपायों को लेकर अधिकारी मंथन में जुट गए थे. पुलिस प्रशासन एक्शन में आया तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ.
लोनावाला सिटी पुलिस ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की हत्या की साजिश को लेकर झूठी सूचना देने, हत्या की साजिश को लेकर भ्रामक जानकारी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. ये गिरफ्तारी मुंबई के घाटकोपर ईस्ट इलाके से की गई है. पकड़ा गया आरोपी 36 साल का अविनाश वाघमारे बताया जा रहा है. अविनाश वाघमारे रमाबाई अंबेडकर नगर वसंतराव नाइक मार्ग के साठे चॉल का रहने वाला बताया जा रहा है.
लोनावाला सिटी थाने में अविनाश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. अविनाश के खिलाफ दर्ज FIR के मुताबिक मुंबई जाते समय अविनाश लोनावाला के एक ढाबे साईकृपा होटल पर रुका था. वह नशे की हालत में था. अविनाश इस बात से नाराज था कि होटल मैनेजर पानी की बोतल के लिए अधिक पैसे चार्ज किए थे और होटल मैनेजर को सबक सिखाने के लिए उसने पुलिस को फोन कर सीएम शिंदे के बारे में झूठी जानकारी दी.
इसे लेकर लोनावाला सिटी थाने में तैनात सिपाही अक्षय वायडांडे ने बताया कि शनिवार-रविवार की रात करीब 2 बजकर 48 मिनट पर लोनावाला कंट्रोल रूम को एक फोन कॉल मिली. मोबाइल फोन से कॉल आई थी और कॉल करने वाले ने सीधे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को लेकर गंभीर जानकारी साझा की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उस मोबाइल नंबर को ट्रेस कर लिया था.
सिपाही के मुताबिक मोबाइल फोन को मुंबई के घाटकोपर ईस्ट इलाके में ट्रेस किया गया और फिर एक टीम मुंबई रवाना हो गई. पुलिस ने घाटकोपर ईस्ट से फोन करने वाले को पकड़ लिया. पकड़े जाने के बाद फोन कॉल करने वाले ने ये खुलासा किया कि वह पानी की बोतल की अधिक कीमत वसूलने के लिए होटल के मैनेजर को सबक सिखाना चाहता था और इसीलिए कॉल कर सीएम शिंदे को लेकर भ्रामक जानकारी दी. लोनावाला सिटी पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 177 के तहत केस दर्ज कर लिया है. पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है.

हैदराबाद में आगामी रामनवमी शोभा यात्रा को लेकर गोशामहल के विधायक टी. राजा सिंह ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि साल 2010 से लगातार शोभा यात्रा आयोजित की जा रही है, लेकिन हर साल पुलिस की ओर से बाधाएं खड़ी की जाती हैं. उनका आरोप है कि सिदंबर बाजार, पुराना पुल और बेगम बाजार जैसे इलाकों में विशेष रूप से लाठीचार्ज के लिए टास्क फोर्स तैनात की जाती है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि हर साल उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाती है और इस बार भी पुलिस अपनी गलतियों का ठीकरा उन पर फोड़ सकती है.

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लोगों ने ईरान के समर्थन में सोना, चांदी और नकद दान किया. यह कदम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है. लोग एक जगह इकट्ठा होकर मदद के लिए आगे आए. बडगाम के विधायक मुंतज़िर मेहदी ने भी एक महीने की सैलरी दान करने की घोषणा की. यह घटना दिखाती है कि अंतरराष्ट्रीय संघर्ष का असर दूर तक हो रहा है और लोग इंसानियत के लिए साथ खड़े हो रहे हैं.

महाराष्ट्र के नासिक में खुद को धर्मगुरु बताने वाले अशोक कुमार खरात पर दुष्कर्म, शोषण, जबरन गर्भपात, ठगी और जमीन विवाद में हत्या जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. मामला एक गर्भवती महिला की शिकायत से सामने आया, जिसके बाद स्पाई कैमरे से 100 से ज्यादा वीडियो मिले. कई महिलाओं ने सालों तक शोषण का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है, जिसमें और बड़े खुलासों की आशंका है.










