
भारत ने नीदरलैंड्स के सामने रखी 194 रन की चुनौती, शिवम दुबे की तूफ़ानी पारी लेकिन अभिषेक फिर हुए फ़्लॉप
BBC
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 34 और तिलक वर्मा ने 31 रन की पारी खेली. आर्यन दत्त ने चार ओवर में 19 रन देकर दो विकेट लिए.
टी-20 वर्ल्ड कप के 36वें मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड्स को 194 रन का लक्ष्य दिया है.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम जा रहे इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 193 रन बनाए.
शिवम दुबे ने भारत के लिए सबसे ज्यादा 66 रन बनाए. उनकी पारी में छह छक्के शामिल रहे.
नीदरलैंड्स के खिलाफ भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. भारत की प्लेइंग 11 में दो बदलाव हुए.
कुलदीप यादव की जगह पर अर्शदीप सिंह की वापसी हुई, जबकि अक्षर पटेल के स्थान पर वाशिंगटन सुंदर को खेलने का मौका मिला.
लेकिन एक बार फिर भारत की शुरुआत खराब रही.भारत के ओपनर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही दूसरी गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन वापस लौट गए. उनका विकेट आर्यन दत्त ने लिया.
इस वर्ल्ड कप में यह अभिषेक शर्मा का तीसरा मैच था. तीनों ही मैचों में वो जीरो पर आउट हुए हैं. इसके बाद तिलक वर्मा के साथ मिलकर ईशान किशन ने दूसरे विकेट के लिए 39 रन की पार्टनरशिप की.













