
पाकिस्तान के ख़िलाफ़ मैच में उस्मान तारिक़ को लेकर भारत की क्या कोई ख़ास तैयारी है?
BBC
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उस्मान तारिक़ को 'सिलेबस से बाहर का सवाल' बताया है. अब ये देखा जा रहा है कि कोलंबो में भारत क्या रणनीति अपनाता है.
टी-20 वर्ल्ड कप में रविवार को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मुक़ाबला होने जा रहा है.
लेकिन मैच से पहले सबसे ज़्यादा चर्चा पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक़ की हो रही है.
पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने शनिवार को प्री मैच कॉन्फ़्रेंस में उन्हें टीम का 'ट्रंप कार्ड' कहा है.
उस्मान तारिक़ के बॉलिंग एक्शन पर उठने वाले सवालों को लेकर उन्होंने कहा था कि उनके एक्शन को दो बार क्लीनचिट मिल चुकी है. फिर ये समझ में नहीं आता कि इस पर बार-बार सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
वहीं भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव ने उस्मान तारिक़ को 'सिलेबस से बाहर का सवाल' (आउट ऑफ़ सिलेबस क्वेश्चन) कहा था.
उस्मान तारिक़ के बारे में कहा जा रहा है कि वो अपनी डिलीवरी स्ट्राइड में एक पल के लिए रुक जाते हैं. यानी गेंद छोड़ने से पहले अपना आगे वाला पैर हवा में रोक लेते हैं और फिर थोड़ा ज़्यादा देर से गेंद रिलीज़ करते हैं.













