
बांग्लादेश : मोहम्मद यूनुस के विशेष सहायक के देश छोड़ने की चर्चा, क्या है पूरा मामला
BBC
मुख्य सलाहकार प्रोफे़सर मोहम्मद यूनुस के सहयोगी फैज़ अहमद तैयब ने फेसबुक पर एक पोस्ट कर बताया कि वो देश छोड़कर बाहर जा रहे हैं.
बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के आईसीटी और टेलीकम्युनिकेशन मामलों के प्रमुख सलाहकार प्रोफ़ेसर मोहम्मद यूनुस के विशेष सहायक फैज़ अहमद तैयब के इस्तीफे़ और पद छोड़ने पर शनिवार को पूरे दिन सोशल मीडिया पर काफ़ी चर्चा रही.
चुनाव परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद फेसबुक पर उनके देश छोड़ने को लेकर तरह-तरह की अटकलें और चर्चाएं देखने को मिलीं.
कुछ लोग तो यह भी कह रहे हैं कि अंतरिम सरकार में किसी के लिए यह 'पहला सुरक्षित एग्ज़िट' है.
हालांकि इस बीच, तैयब ने रविवार को दोपहर लगभग 1 बजे अपने देश छोड़ने के बारे में सोशल मीडिया फेसबुक पर एक स्टेटस पोस्ट किया. उन्होंने लिखा कि वो पिछले सप्ताह 'आधिकारिक तौर पर' अपना दफ़्तर छोड़ चुके हैं.
उन्होंने उसी स्टेटस में यह भी बताया कि वह 'छुट्टी लेकर अपने परिवार से मिलने जा रहे हैं' और उन्होंने घर लौटने के लिए 'रिटर्न टिकट' खरीद लिया है.
इससे पहले उनके नियंत्रण वाले मंत्रालय के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के कई आरोप लग चुके हैं. इस मामले पर कोई निर्णय लिए बिना उनके अचानक देश से चले जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं.
तैयब अहमद ने बीबीसी बांग्ला से दावा किया कि कानूनों और नीतियों में बदलाव के कारण, एकाधिकार की प्रवृति वाले, माफ़िया और तस्कर उनके पीछे पड़े हैं.













