
भारत के साथ मैच से पहले पाकिस्तान के कप्तान ने किसे बताया अपना 'ट्रंप कार्ड'
BBC
पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने भारत के साथ होने वाले मैच से पहले प्रेस कॉन्फ़्रेंस में अपनी टीम की तैयारियों पर बात की और बताया कि कल के मैच में क्या होने वाला है.
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में भारत से अपने बहुप्रतीक्षित मुक़ाबले से पहले प्रेस से बात की है.
सलमान आगा ने कोलंबो में रविवार को मैच से पहले शनिवार को आयोजित प्री-मैच कॉन्फ़्रेंस में पाकिस्तान के स्पिन बॉलर उस्मान तारिक़ के बॉलिंग एक्शन, भारतीय बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा की फ़िटनेस से लेकर दोनों टीमों के बीच हाथ मिलाने की संभावनाओं पर जवाब दिए.
पाकिस्तानी कप्तान ने कहा कि उस्मान तारिक़ टीम के 'ट्रंप कार्ड' हैं, उनके बॉलिंग एक्शन पर बात की जा रही है लेकिन पाकिस्तानी टीम को इसकी परवाह नहीं.
पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में भारत से मैच न खेलने का एलान किया था. लेकिन आईसीसी और पीसीबी की बैठक के बाद पाकिस्तान ने अपना फ़ैसला वापस ले लिया और 15 फ़रवरी को कोलंबो में भारत से अपना पहला मैच खेलने के लिए तैयार हो गया.
आईपीएल की टीम केकेआर से बांग्लादेशी बॉलर मुस्तफ़िज़ुर रहमान के हटाए जाने के बाद बांग्लादेश ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए मैच के लिए भारत आने से इनकार कर दिया था.
इसके बाद आईसीसी ने टूर्नामेंट से बांग्लादेश को हटाकर स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया था.
बांग्लादेश को हटाने के फ़ैसले के ख़िलाफ़ ही पाकिस्तान ने भारत से मैच खेलने से इनकार कर दिया था.













