
तारिक़ रहमान बने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री लेकिन 'संविधान में बदलाव' की शपथ क्यों नहीं ली?
BBC
आम चुनाव के बाद मंगलवार को बांग्लादेश में सांसदों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ है. इस शपथ ग्रहण समारोह में संवैधानिक सुधार परिषद के सदस्य के तौर पर भी शपथ दिलाई जा रही थी.
बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) अध्यक्ष तारिक़ रहमान ने शपथ ली है.
13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में दो-तिहाई सीटें जीतने के बाद बीएनपी ने मंगलवार को सरकार बनाई है.
बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने तारिक़ रहमान को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई.
शेख़ हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के पतन के बाद अंतरिम सरकार के सत्ता में आने के 18 महीने बाद चुनाव हुए थे जिसके बाद इस सरकार का गठन किया गया है.
इससे पहले मंगलवार को दिन में ही नए सांसदों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिरुद्दीन ने 13वें राष्ट्रीय संसद चुनाव में नव निर्वाचित संसद सदस्यों को शपथ दिलाई. हालिया चुनाव में बीएनपी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया. उसके गठबंधन ने 212 सीटों पर जीत दर्ज की है.













