
एपस्टीन फ़ाइल्स में नाम आने के बाद यूएई में हंगामा, कारोबारी ने दिया इस्तीफ़ा
BBC
सुल्तान अहमद बिन सुलायेम का इस्तीफ़ा उन एपस्टीन फ़ाइलों के सामने आने के बाद हुआ है जिनसे पता चला है कि उन्होंने एपस्टीन के साथ सैकड़ों ईमेल का आदान-प्रदान किया था.
यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी फ़ाइलों में नाम आने के बाद दुबई के वैश्विक पोर्ट ऑपरेटर डीपी वर्ल्ड के चेयरमैन और सीईओ सुल्तान अहमद बिन सुलायेम को अपने पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा है.
हाल में जारी एपस्टीन फ़ाइल्स से पता चला है कि अमीराती मुग़ल ने एक दशक के अंदर एपस्टीन के साथ सैकड़ों ईमेल्स का आदान-प्रदान किया था.
हालांकि, इन फ़ाइलों में नाम आने को किसी भी तरह के अपराध का प्रमाण नहीं माना गया है और बीबीसी ने सुलायेम से प्रतिक्रिया मांगी है.
डीपी वर्ल्ड ने पिछले शुक्रवार को घोषणा की कि सुलायेम का इस्तीफ़ा 'तत्काल प्रभाव' से लागू हो गया है. कंपनी ने एस्सा काज़िम को नया चेयरमैन और युवराज नारायन को मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है. कंपनी की वेबसाइट से सुलायेम की तस्वीर भी हटाए जाने की भी सूचना है.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
डीपी वर्ल्ड दुबई के स्वामित्व वाली लॉजिस्टिक्स कंपनी है, जो छह महाद्वीपों में पोर्ट टर्मिनल संचालित करती है और वैश्विक व्यापार ढांचे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. हाल के दिनों में कंपनी पर उसके साझेदारों की ओर से दबाव बढ़ा है.
बीते सप्ताह की शुरुआत में ब्रिटेन की डेवलपमेंट फ़ाइनेंस एजेंसी और कनाडा की दूसरी सबसे बड़ी पेंशन फ़ंड ला कैस ने कंपनी में नए निवेश को निलंबित करने की घोषणा की.













